शिविर में भाजपा का हंगामा
जोधपुर. प्रशासन शहरों के संग शिविर में जनहित से जुड़े कामकाज नहीं होने से नाराज भाजपा कार्यकर्ता मंगलवार को मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर परिसर में लगाए शिविर में धरने पर बैठ गए और हंगामा करने लगे। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार, महापौर व नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इस पर जेडीए व नगर निगम के अफसरों के साथ प्रशासनिक अफसर शिविर में पहुंचे और कार्यकर्ताओं को मनाने लगे। शीघ्र काम चालू होने के अफसरों के आश्वासन पर करीब दो घंटे चले इस घटनाक्रम का पटाक्षेप हो सका। भाजयुमोजिलाध्यक्ष घनश्याम वैष्णव के नेतृत्व में सुबह 11 बजे भाजपा कार्यकर्ता प्रशासन व महापौर के खिलाफ नारे लगाते शिविर में पहुंचे।
सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास व शहर विधायक कैलाश भंसाली समेत नगर निगम में प्रतिपक्ष नेता गणेश बिजाणी, भाजपा पार्षद व अन्य कार्यकर्ता भी थे। नारेबाजी के बाद कार्यकर्ता विधायकों के साथ धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में भाजपा पार्षद कृपाराम सोनी, प्रदीप बेनिवाल सहित अनेक कार्यकर्ता थे।










