जमाखोरी है मंहगाई का मुख्य कारण
गोहाना & प्रसिद्ध दस्यु सुंदरी फूलन देवी के पति व आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष उमेद सिंह कश्यप ने कहा कि देश में बढ़ती हुई मंहगाई के लिए राजनेता नहीं बल्कि जमाखोर जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जमाखोरों पर शिकंजा कस के मंहगाई पर काबू पा लिया जाएगा। वह मंगलवार देर सायं युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रदीप चहल व जगबीर खासा द्वारा बरोदा रोड पर स्थापित कांग्रेसी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रधान महासचिव राहुल गांधी की नितियों के अनुसार अब कांग्रेस में नेता का पुत्र नेता नहीं बनेगा। बल्कि कांग्रेस में अब नेता वही बन सकेगा जो पार्टी व देश हित में कार्य करेगा तथा जिस पर पार्टी के कार्यकर्ता विश्वास व आस्था जताएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार से सभी वर्गों के लोगों को कांग्रेस में नेता बनने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने युवा कांग्रेस के महासचिव प्रदीप चहल व जगबीर खासा को कांग्रेस का कार्यालय स्थापित करने पर बधाई दी। गौरतलब है कि इस कार्यालय का उदघाटन आगामी 11 फरवरी को पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह डूंमरखां द्वारा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बैठक से पूर्व किया जाएगा। मास्टर फूलचंद, धर्मबीर सिंह खासा, बलजीत मलिक, मंजीत मलिक, पहलवान सुभाष सिंह, हुक्मचंद, रामेश्वर राठी, सुरेंद्र मलिक आदि समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।











