पंचायत समिति में आज और कल आमजन का प्रवेश रहेगा निषेध
चिड़ावा & पंचायत समिति में 10 एवं 11 फरवरी को प्रधान-उप प्रधान पद के लिए प्रस्तावित चुनाव के मद्देनजर आमजन का प्रवेश पूर्णतया निषेध रहेगा। रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम नारायणसिंह शेषमा ने बताया कि बुधवार सुबह 11 बजे तक प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये जा सकेंगे। जिसके बाद साढे 11 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। शेषमा ने बताया कि नाम वापसी के बाद शाम पांच बजे तक मतदान और उसके तुरंत बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि यही कार्यक्रम गुरूवार को उप प्रधान के चुनाव में रहेगा। डीएसपी रजनीश पूनिया और सीआई रामदेवसिंह ने बताया कि प्रधान-उप प्रधान चुनाव को लेकर पंचायत समिति परिसर में केवल निर्वाचित हुए 19 वार्ड सदस्यों, चुनाव से संबद्ध कार्मिकों और पंचायतकर्मियों को ही प्रवेश की ईजाजत होगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के मद्देनजर संबंधित इलाके में स्थानीय पुलिस के अलावा आरएसी के जवान पूरे समय ड्यूटी पर अलर्ट रहेंगे।










