नदबई में सदस्य भूमिगत
भास्कर न्यूज & नदबई
प्रधान पद के लिए क्षेत्र के सदस्यों की घेराबंदी की जा रही है। इस क्षेत्र के कुल 19 सदस्यों में से एक भाजपा, छह कांग्रेस, एक बसपा और 11 निर्दलीय सदस्य हैं। इस पंचायत समिति में कांग्रेस के सदस्य अधिक होने के चलते कांग्रेस अपने दल के किसी सदस्य को प्रधान बनाने की कवायद में है। अभी तक दो दावेदार हैं। इनमें पूर्व प्रधान व वार्ड पांच के सदस्य घमण्डी सिंह की पत्नी व वार्ड आठ की सदस्या मुन्नीदेवी तथा पूर्व सरपंच मोहनसिंह की पत्नी भूदेवी हैं। दोनों ही प्रत्याशी कांग्रेस के हैं। इसके चलते कांग्रेस में गुटबाजी की संभावना बनी हुई है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दोनों की प्रत्याशियों के समर्थकों ने सदस्यों की घेराबंदी शुरू कर दी। 19 में से अधिकांश सदस्य इन्हीं दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के साथ क्षेत्र से बाहर हैं।










