हाजिरी लगी है, मास्टर जी गायब
भास्कर न्यूज& गुहला चीका
मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी कैथल कमला मिड्ढा ने राजकीय उच्च विद्यालय पीडल में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल के मुख्याध्यापक स्कूल से नदारद मिले। निरीक्षण के बाद मिड्ढा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर स्कूल का निरीक्षण किया, तो उस वक्त स्कूल की छुट्टी कर दी गई थी और स्कूल का मुख्याध्यापक राजकुमार स्कूल से नदारद था जबकि कायदे से स्कूल की छुट्टी का समय 2 बजे का है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने हाजिरी रजिस्टर चैक किया, तो मुख्याध्यापक ने हाजिरी लगाई हुई थी। इसके अतिरिक्त एक महिला अतिथि अध्यापिका भी गैर-हाजिर पाई गई। उन्होंने बताया कि इनके अतिरिक्त स्कूल का अन्य स्टाफ वहां मौके पर मौजूद था, जबकि सभी बच्चे घर जा चुके थे। मिड्ढा ने बताया कि गैर-हाजिर पाए गए मुख्याध्यापक व अतिथि अध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने चेताया कि स्कूलों के औचक निरीक्षण का कार्य भविष्य में भी जारी रहेगा और अपनी ड्यूटी के प्रति कोताही बरतने वाले अध्यापकों को बख्शा नहीं जाएगा।
लिया जाएगा कड़ा नोटिस
ञ्च औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल से गैर हाजिर अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। यदि विभाग इनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ तो वेतन काटने सहित अन्य विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ड्यूटी से गैर हाजिर रहने वाले अध्यापकों पर विभाग कड़ा नोटिस लेगा।
कमला मिड्ढा डीईओ कैथल











