तीन दिन में घोषित होगा टाइम-टेबल
सिटी रिपोर्टर & मंदसौर
विक्रम विश्वविद्यालय ने कॉलेज प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक परीक्षा को लेकर विभागवार पर्यवेक्षकों के नाम तय कर दिए हैं। ये पर्यवेक्षक अगले दिनों में पीजी कॉलेज आकर तय टाइम-टेबल अनुसार संबंधी कार्रवाई कराएंगे। पीजी कॉलेज के प्राचार्य का कहना है परीक्षा का कार्यक्रम दो-तीन दिनों में घोषित कर दिया जाएगा। पूरा प्रयास रहेगा कि ६ मार्च के पहले ही प्रायोगिक परीक्षा का दौर खत्म हो जाए।
फिलहाल कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं और कॉलेज प्रशासन व टीम इन्हीं कार्यों में व्यस्त है। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ज्ञानचंद खिमेसरा ने बताया विवि ने प्रायोगिक परीक्षा को लेकर पर्यवेक्षकों के नाम तय कर दिए हैं और सूची हमें उपलब्ध हो चुकी है। उज्जैन कॉलेज से इन पर्यवेक्षकों की टीम कार्यक्रम तय होने के साथ ही मंदसौर आएगी व संकायवार प्रायोगिक परीक्षा कराएगी। प्राइवेट परीक्षा कार्यक्रम को पेपर अनुसार एक-दो दिन का गेप लगाकर तय किया जाएगा।
बकौल डॉ. ज्ञानचंद खिमेसरा विश्विद्यालय द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों से चर्चा कर विषयवार टाइम-टेबल तय कर विद्यार्थियों के लिए सूचना भी दी जाएगी। चूंकि ६ मार्च से वार्षिक परीक्षा शुरू होने वाली है और सेमेस्टर परीक्षा का अंतिम दौर चलेगा।
ऐसी स्थिति बनने के पूर्व ही प्रायोगिक कार्य भी करा लिए जाएंगे। कॉलेज स्तर पर टीम को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।
लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों की परीक्षा मार्च-अप्रैल में
विक्रम विवि के परीक्षा विभाग अध्यक्ष डॉ. खिमेसरा का कहना है लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों की पंचम, तृतीय व प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा संभवत: मार्च माह में शुरू होगी। अगले कुछ दिनों में तारीखों की घोषणा हो जाएगी। लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेंद्रकुमार जैन ने बताया कि परीक्षा तारीखों की घोषणा अभी तो नहीं हुई है, फिलहाल परीक्षा फार्म जमा किए जा रहे हैं।
१३०० विद्यार्थी होंगे शामिल
परीक्षा कार्यक्रम में फिजिक्स, केमेस्ट्री, जूलॉजी, बॉटनी, माइक्रो बायलॉजी, भूगोल से करीब १३०० विद्यार्थी शामिल होना है। फिलहाल कॉलेज प्रशासन पर्यवेक्षकों के संपर्क में है और आगामी तारीखों व सहूलियत को ध्यान में रखकर प्रायोगिक परीक्षा टाइम-टेबल निर्धारण की अंतिम प्रक्रिया चल रही है।











