जवां दिलों की कहानी है फिल्म प्यार का फंडा
चंडीगढ़. इस वैलेंटाइन पर सिनेमाघरों में कुछ नया खोज रहे हैं, तो आपकी तलाश पूरी हो सकती है फिल्म ‘प्यार का फंडा’ के जरिये। वैलेंटाइन वीक पर साई अम्बे फिल्म्स की प्यार का फंडा रिलीज होगी। इसमें मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे युगबोध ग्रेवाल, सुरभि शुक्ला और काशी तिवारी। यह फिल्म कहानी है जवां दिलों की दोस्ती और प्यार की, जबकि इसकी पृष्ठभूमि में है एडवेंचर स्पोर्ट्स। फिल्म में महालक्ष्मी अय्यर, शान और बॉम्बे वाइकिंग्स फेम नीरज ने पांच सदाबहार गीतों को अपनी आवाज से सजाया है।
फिल्म के निर्माता रामदास पुजारी इस फिल्म में पंजाब के रोपड़ के युगबोध और सुरभि को लीड रोल में पेश कर रहे हैं। इनका बराबर साथ देंगे काशी तिवारी। शक्ति कपूर, किरन कुमार, रीमा लागू, रज्जाक खान ने अन्य किरदार निभाए हैं। फिल्म का निर्देशन किया है मुनाजिर हसन ने, जबकि कथा, पटकथा और गीतों के बोल लिखे हैं वर्षा जैन ने।
साई अम्बे फिल्म्स के एमडी आरडी पुजारी ने बताया कि उन्हें लंबे समय से एक अच्छी स्क्रिप्ट की तलाश थी जो वर्षा ने पूरी कर दी। हसन से भी काफी उम्मीदें हैं। अलग-अलग बैकग्राउंड से आए युगबोध, सुरभि और काशी इस फिल्म को लेकर काफी उत्सुक हैं। काशी इस फिल्म के एज्जीक्यूटिव प्रोडच्यूसर भी हैं। वर्षा ने बताया कि प्यार का फंडा में नए किस्म की कहानी है, जो युवाओं के साथ ही हर पीढ़ी के लोगों को पसंद आएगी। वैलेंटाइन वीक में कपल या फिर फैमिली के लिए यह एक आदर्श फिल्म है।
युगबोध ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से जुड़कर वह खुद को खुशनसीब महसूस कर रहे हैं। बहुत मेहनत की है, इसलिए इस फिल्म से उम्मीदें भी बहुत हैं। 24 साल के युगबोध सिख परिवार से हैं और उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की है। सुरभि ने कहा कि इस फिल्म के लिए सभी ने जी-जान लगाया है, लोगों को यह फिल्म पसंद आनी चाहिए। काशी ने कहा कि काम काफी चुनौतीपूर्ण था, खासकर तब जब आपके पास दो-दो जिम्मेदारी हो।
युगबोध ने बताया कि वह हमेशा ही यह सोचते थे कि लोग नाम कैसे कमाते हैं, शोहरत के शिखर पर कैसे पहुंचते हैं। यही सोच उन्हें मीडिया इंडस्ट्री की ओर ले गई, हालांकि एक्टिंग के लिए उनका जुनून इस फिल्म तक ले आया। प्यार का फंडा से युगबोध फिल्मों में अपनी शुरुआत कर रहे हैं। यह फिल्म 12 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।










