अब जिलेभर में नीम-हकीमों पर पड़ेंगे छापे, टीमें गठित
श्रीगंगानगर & पदमपुर के बाद अब जिलेभर में अवैध रूप से लोगों का इलाज कर रहे नीम-हकीमों पर प्रशासन ने शिकंजा कसने का फरमान जारी किया है। इसके लिए बकायदा मुख्यालय व हर उपखंड मुख्यालय के अधिकारियों की टीमें गठित की गई हैं। मजेदार बात यह है कि सरकार ने नीम-हकीमों पर कार्रवाई के आदेश वर्ष 2004 में जारी किए थे, लेकिन यहां ये आदेश फाइलों में दबे रहे। यहां क्षेत्रों में अपराध बढऩे के बाद प्रशासन की आंखें खुली और नए सिरे से कार्रवाई की कवायद शुरू की गई है। सूत्रों के अनुसार कलेक्टर आशुतोष एटी ने पिछले सप्ताह जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में नीम-हकीमों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। इस पर पदमपुर में तीन नीम-हकीमों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। अब सीएमएचओ ने जिलेभर के लिए टीमें गठित की हैं। इनमें टीम प्रभारी संबंधित क्षेत्र के उपखंड अधिकारी/तहसीलदार होंगे। उनके साथ संबंधित डीएसपी/एसएचओ, ब्लाक सीएमएचओ अथवा सीएचसी/ पीएचसी प्रभारी, जिला आयुर्वेद अधिकारी व औषधि नियंत्रण अधिकारी भी टीम में रहेंगे। मुख्यालय के लिए डिप्टी सीएमएचओ डा.आईपीएस पूनिया को अधिकृत किया गया है। इस दौरान कहीं अनियमितता मिली तो ब्लाक सीएमएचओ/सीएचसी/ पीएचसी संबंधित थाने में उस नीम-हकीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएंगे, साथ ही उसकी गिरफ्तारी भी की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह पदमपुर में हुई कार्रवाई के बाद से जिलेभर के नीम-हकीम भड़के हुए हैं और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी भी दे रखी है।



