किताब की दुकान से निकली नशीली दवाएं
जिला पुलिस की ओर से नशीली दवाइयों के खिलाफ आरंभ विशेष अभियान के तहत बुधवार को धर्मशाला में जहां बुक शॉप से भारी मात्रा में फ्लूड की शीशियां बरामद की, वहीं डमटाल पुलिस ने 8100 कैप्सूल व 19 नशीली दवा की बोतलें बरामद कर आरोपियों को हिरासत में लिया है।
धर्मशाला में स्टूडेंट्स के नशे के लिए फ्लूड का इस्तेमाल करने की अभिभावक वर्ग की शिकायतें एसएसपी जिला कांगड़ा को मिल रही थी। जिसके आधार पर सिविल बाजार स्थित बुक शॉप में पुलिस ने दबिश देकर भारी मात्रा में फ्लूड
की शीशियां बरामद की।
डमटाल पुलिस चौकी प्रभारी सर्वजीत सिंह ने नाके के दौरान जालंधर से जसूर आ रही मारुति कार नंबर एचपी-54-9200 की चैकिंग के दौरान कार से 8100 कैप्सूल व 19 नशीली दवा की बोतलें बरामद की गई। पुलिस ने छतरोली निवासी राजेश, जसूर निवासी विशन सिंह व शाहपुर निवासी विपन के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया।



