सलाखों में कैद मायावी बाबा
अम्बाला सिटी. काले ईलम के बेताज बादशाह बाबा मुस्कान खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ठगी की शिकायतों के बाद ढोंगी बाबाओं के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान की वजह से बाबा मुस्कान खान उत्तरप्रदेश भाग गया था। बाबा मुस्कान खान से पहले पुलिस आधा दर्जन ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार कर चुकी है।
अकेले महेशनगर पुलिस ने बाबा मुस्कान के खिलाफ ठगी के दो मामले दर्ज किए हुए हैं। उस पर काले ईलम व तांत्रिक विद्या के जरिए गृहकलेश, मुठकरनी जैसी समस्याओं का इलाज करने की एवज में कीमती सोना ठगने का आरोप है।
सोने की बरामदगी के लिए अब पुलिस आरोपी को उत्तरप्रदेश ले जाने की तैयारी कर रही है। पुलिस की मानें तो तमाम ढोंगी बाबा सिटी व कैंट में एकजुटता से ठगी का गोरखधंधा चलाते थे। अपने जाल में फंसे लोगों से ये बाबा बेहद ही चतुराई से सोना व चांदी के गहने ठग लेते थे।
युवा प्रेमियों से भी ठगी का आरोप
तंत्र-मंत्र विद्या के जरिए बाबा मुस्कान समेत दूसरे ढोंगी बाबा युवा प्रेमी जोड़ों को भी अपने जाल में फंसा लेते थे। इन प्रेमी जोड़ों को ये बाबा झूठे सब्जबाग दिखाकर उनका सोना व पैसे ऐंठ लेते थे। छापामारी के दौरान पुलिस द्वारा पकड़े गए बाबाओं के कब्जे से कुछ युवक-युवतियों व महिलाओं की फोटोग्राफ भी मिली थी। पूछताछ के दौरान ढोंगी बाबाओं ने अपने लूट के कारोबार का सिलसिलेवार खुलासा किया था।
किस किस बीमारी का करते थे इलाज
आमतौर पर ज्यादातर ढोंगी बाबा ग्राहकों को अपने जाल में फंसा कर किया-कराया, रूठी बीबी को मनाने, गृह कलेश, मुठकरनी, विदेश यात्रा,सौतन से छुटकारा, संतान प्राप्ति, पति का सिर झुकाने तथा गंभीर बीमारियों से मिनटों में छुटकारा दिलाने समेत कई मुसीबतों का तत्काल निवारण करने का दावा करते थे। ये बाबा सरेआम मीडिया में विज्ञापन जारी कर अपनी झूठी ताकत से ग्राहकों को अपने मक्कड़जाल में फंसाते थे।
एसपी ने दिए थे आदेश
ढ़ोगी बाबाओं की संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ सबसे पहले पुलिस अधीक्षक भारती अरोड़ा ने अभियान छेड़ने के आदेश दिए। ये ढोंगी बाबा वर्षो से भोले भाले लोगों को ठगने का कारोबार कर रहे थे। इससे पहले कभी किसी पुलिस अधिकारी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी।
दिलचस्प बात है कि पुलिस दस्तावेजों में भी सिर्फ एक ही बाबा का बायोडाटा मौजूद था लेकिन इसके बावजूद अनेक ढोंगी बाबा मजे से गैरकानूनी कारोबार चला रहे थे। कार्रवाई के बाद अब ठगी की तमाम दुकानें बंद हो चुकी है। ज्यादातर बाबा जांच से गुजर चुके हैं।
कार्रवाई होगी
बाबा मुस्कान खान को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की गई। ठगे गए सोने की बरामदगी के लिए उसे अब मेरठ ले जाया जाएगा। - पृथ्वी सिंह, एएसआईजांच अधिकारी।
कौन-कौन से ढोंगी बाबा हुए गिरफ्तार
अब तक की जांच में पुलिस आधा दर्जन ढोंगी बाबाओं को काबू कर चुकी है। इन बाबाओं में मुख्यतौर पर बाबा मूसा खान, बाबा फतेहखान, बाबा फजलखान व बाबा आरिफ खान को गिरफ्तार कर चुकी है। एक रिहायशी भवन पर छापामारी कर पुलिस ने सभी को काबू किया था जबकि मौका मिलते ही बाबा मुस्कान खान व रजा बंगाली फरार होने में हो गए।
बाबा मुस्कान की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस रजा बंगाली को काबू करने के फिराक हैं। मुस्कान खान के बाद बाबा रजा बंगाली का जादू ग्राहकों के सिर चढ़कर बोलता था। दोनों बाबाओं पर ग्राहकों का लाखों रुपए का सोना बटोरने का आरोप है।










