कूड़े के ढेर में विस्फोट से पांच बच्चे घायल
कानपुर. कानपुर के नौबस्ता इलाके में आज कूड़े के ढेर में विस्फोट हो जाने से पांच बच्चे घायल हो गए। गोविन्दनगर के क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि नौबस्ता के मछरिया करबला मैदान में आज शाम कुछ बच्चे कूड़े के ढेर में कुछ ढूंढ रहे थे तभी उसमें अचानक धमाका हुआ जिसमें वहां खेल रहे बच्चे घायल हो गए।
कुमार ने बताया कि संभवत: यह धमाका कूड़े के ढेर में पटाखे पड़े होने की वजह से हुआ लेकिन प्रत्यक्षदर्शियो का कहना है कि धमाके की आवाज काफी तेज थी जिससे लगता है कि यह देशी बम का धमाका था।
बच्चों के धमाके में घायल होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया और घटना के कुछ देर बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई ।
घायल होने वाले बच्चों में नफीस (10),हसीन (8),सानिया (6) यह तीनों बच्चे एक ही परिवार के सदस्य हैं। इसके अतिरिक्त राजू (9)तथा अताउररहमान (5) को भी इस घटना में चोटें आईं।
इन बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां एक की हालत गंभीर बताई जाती है।
मामले की जांच के आदेश दे दिए गए है तथा पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे पटाखे कूड़े के ढेर में किसने डाले थे।



