- Home
Chhatisgarh
Durg Zila
Balod
राजधानी से राजहरा तक दौड़ेगी सुपरफास्ट
भास्कर न्यूज & बालोद
नई ट्रेन की घोषणा के बाद नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसी साल से नागरिकों को सीधे रायपुर तक सफर करने के लिए दो ट्रेनें मिल जाएंगी। एक पैसेंजर ट्रेन जनवरी से चल रही है। जिसका लाभ यात्रियों को मिल रहा है और दूसरी सुपरफास्ट ट्रेन के शुरू होते ही यात्रियों को और सहूलियतें मिलेंगी। नई ट्रेन सप्ताह में 3 दिन चलेगी।
भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य यशवंत जैन ने कहा कि रेलमंत्री ममता बेनर्जी ने छत्तीसगढ़ के हित में प्रस्ताव रखकर यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया है। पूरे अंचल की ओर से इसके लिए उन्हें साधुवाद प्रेषित किया जाएगा। रायपुर तक का सफर अब आसान होगा। नगर पालिका अध्यक्ष बालोद लीला शर्मा ने कहा कि नागरिकों को सस्ती व सुविधायुक्त साधन चाहिए। नागरिकों की उम्मीदों पर सुपरफास्ट ट्रेन खरा उतरेगा। इस ट्रेन में कम समय में ही यात्रीगण बालोद से राजधानी रायपुर और रायपुर से बालोद पहुंच सकेंगे। व्यापारी संघ के हंसमुख टुवानी ने कहा कि रायपुर के लिए सीधी ट्रेन की मांग तो शुरू से करते आए हैं। जनवरी में नई डीडीएम ट्रेन शुरू कर रेलवे विभाग ने यात्रियों को राहत पहुंचाई है। सुपरफास्ट ट्रेन के चलने से यात्रियों व व्यापारियों को भी अच्छी सुविधा मिलेगी। नई ट्रेन की घोषणा से सभी उत्साहित हैं। रेल प्रशासन के प्रति नागरिकों ने आभार व्यक्त किया है।
बसों में भीड़ कम : जनवरी से चल रही सीधे रायपुर जाने वाली ट्रेन में अच्छी खासी भीड़ रहती है। इधर बताया जा रहा है कि ट्रेन में सफर सस्ता होने से दुर्ग-रायपुर जाने वाली बसों में यात्रियों की कमी रहती है। बालोद से सुबह 6.05 बजे दुर्ग के लिए चलने वाली बस अब बंद हो गई है, क्योंकि इस समय बस को यात्री ही नहीं मिल पाता था। अब बालोद से पहली बस 6.30 बजे व दूसरी बस पौने 7 बजे निकलती है। रायपुर तक ट्रेन सुविधा मिलने और दुर्ग तक के लिए 1 फेरा बढ़ाने से यात्रियों का रूझान बस को छोड़कर अब ट्रेन की ओर है। सुपरफाइस्ट ट्रेन शुरू हो जाएगी तो फिर बसों पर निर्भरता और घट जाएगी।


