निगम भूमि पर बना अवैध टैक्सी स्टैंड
फरीदाबाद. नगर निगम की शह के कारण उसकी ही जमीन पर कहीं अवैध निर्माण हो रहे हैं तो कहीं अवैध टैक्सी स्टैंड चल रहे हैं। इन सबसे शहर के लोगों को परेशानी तो हो रही है, लेकिन निगम को नहीं। यही कारण है रेलवे रोड स्थित नगर निगम की नर्सरी के सामने तीन टैक्सी स्टैंड अवैध रूप से चल रहे हैं।
हैरत की बात यह है कि यहीं नगर निगम की नर्सरी है। उसमें निगम के मुलाजिम काम करते हैं। इन मुलाजिमों के अलावा निगम के अधिकारियों को अवैध टैक्सी स्टैंडों के बारे में पता है, लेकिन इनके खिलाफ निगम कार्रवाई करने की हिमाकत नहीं जुटा पा रहा है।
निगम भले ही मौन है, लेकिन जहां ये टैक्सी स्टैंड चल रहे हैं वहां के रहने वाले लोगों को हो रही दिक्कत से उन्होंने अब अपना मुंह खोलना शुरू कर दिया है। यहां के निवासी यशपाल छाबड़ा, गुरचरण सिंह पाराशर, जगदीश, फकीरचंद आदि ने नगर निगम के आयुक्त महताब सिंह, पुलिस कमिश्नर पीके अग्रवाल और एनएच-पांच के थाना प्रभारी को लिखित शिकायत की है।
इसमें इन्होंने कहा है कि वे रेलवे रोड पर नगर निगम की नर्सरी के सामने रहते हैं। इस नर्सरी की बाउंड्री वॉल के साथ तार फेंसिंग थी, जिसे तोड़कर कुछ दुस्साहसी लोगों ने टैक्सी स्टैंड यहां खोल दिए हैं। नगर निगम की इस जमीन पर तीन टैक्सी स्टैंड चल रहे हैं।
आरोप है कि इन तीनों स्टैंड पर सुबह से शाम तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। छाबड़ा और पाराशर का आरोप है कि टैक्सी स्टैंड के सामने उनके मकान हैं। इसलिए इन स्टैंडों पर असामाजिक लोगों की गलत हरकतों के कारण महिलाएं बाहर नहीं बैठ सकतीं।
इनकी हरकतों का जब विरोध किया जाता है तो स्टैंड वाले मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। छाबड़ा और पाराशर आदि ने निगमायुक्त और पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि यहां अवैध रूप से चल रहे इन टैक्सी स्टैंडों को हटाया जाए, जिससे यहां रहने वाले लोगों को राहत मिल सके।










