कुरीतियों के खिलाफ लोगों जागरूक करेगा फ्रेंड्स क्लब
झज्जर & गत दिवस गांव दूबलधन माजरा के खेल स्टेडियम में फ्रेंड्स युवा क्लब की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ विकास कार्यों के लिए सरकार और गांवों के बीच कड़ी का काम करने जैसे फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता क्लब के प्रधान विकास कादियान ने की। बैठक में अभा राजीव गांधी प्रगतिशील विचार मंच के राष्ट्रीय सह सचिव सुखविंद्र सोनी को आमंत्रित किया गया था।
बैठक में कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, संपूर्ण स्वच्छता अभियान जैसे मुद्दे उठाए गए। इन्हें क्लब द्वारा एक प्रस्ताव के तौर पर पारित भी किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए विशेष आमंत्रित सोनी ने कहा कि युवा समाज के बदलाव और विकास में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। इस मौके पर उन्होंने क्लब के स्वयं सेवकों की माजरा में लगने वाले श्याम नित्यानंद मेलों में दी गई सेवाओं की प्रशंसा की व उन्हें सम्मानित भी किया। बैठक में करीब 90 युवाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर क्लब के उप प्रधान अनिल, जसबीर सचिव, प्रदीप महासचिव, संजय प्रेस सचिव, सोमवीर, कृष्ण फौजी, कैलिस, मनोज, व कर्मवीर आदि पदाधिकारियों ने भाग लिया।



