भिंडावास पक्षी विहार को मिलेगा नया स्वरूप
भास्कर न्यूज&झज्ज्र
विख्यात भिंडावास पक्षी विहार को और अधिक रमणीय बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वाराझील व आसपास के क्षेत्र में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया है, ताकि पक्षी विहार को नया स्वरूप प्रदान किया जा सके। डीसी नितिन कुमार यादव व एडीसी डा.साकेत कुमार ने भिंडावास पक्षी विहार का दौरा कर वहां चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को दिशा—निर्देश दिए।
डीसी ने बताया कि झील की सफाई का कार्य जिला वन अधिकारी (वन्य प्राणी) जगदीश चंद्र की देखरेख में कराया जा रहा है। सफाई अभियान के इस कार्य पर महात्मा गांधी राष्टï्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 5 लाख 16 हजार 500 रुपए की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि सफाई के इस कार्य पर साथ लगते गांवों के लोगों को मनरेगा के तहत जोड़कर झील का सफाई कराया कराया जा रहा है। झील की सफाई के उपरांत सिंचाई विभाग द्वारा इसे और गहरा किया जाएगा, ताकि जलभराव की क्षमता बढ़ सके। उल्लेखनीय है कि सर्दियों के दिनों में जब पक्षियों को उत्तरी ध्रुव पर बर्फ पडऩे की वजह से भोजन नहीं मिलता तो पक्षी यहां आते हैं। यहां मध्य एशिया, जापान, यूरोप, रूस, साइबेरिया, मंगोलिया आदि देशों से अनेक प्रकार के पक्षी आते हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर रहकर व्यवस्थित ढंग से कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने झील से सफाई के दौरान निकाली गई जलखूंबी को झील से बाहर फेंककर उसे जलाने के आदेश दिए, ताकि वह सही ढंग से नष्टï हो सके। एडीसी डा.साकेत कुमार ने बताया कि मनरेगा के तहत झील की सफाई के कार्य पर 60 लोगों को लगाया गया है। काम के दौरान श्रमिकों को किसी प्रकार से भी परेशानी न आए, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया है। दुर्घटना की स्थिति में फस्ट एड सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जिला वन अधिकारी (वन्य प्राणी) जगदीश चंद्र ने बताया कि मनरेगा के तहत सफाई के कार्य पर लगाए गए लोगों के जॉब कार्ड बनाने तथा मस्ट्रोल की व्यवस्था समुचित की गई है।



