ओवरनाइट एक्सप्रेस आज से
इंदौर. आखिरकार जबलपुर-भोपाल ओवरनाइट एक्सप्रेस के इंदौर आने का मुहूर्त आ गया है। 13 मार्च को यह विशेष ट्रेन के रूप में भोपाल से इंदौर आएगी। 14 मार्च से तय टाइम टेबल के मुताबिक रोजाना इंदौर आने लगेगी। इंदौर से इसमें रिजर्वेशन शुरू हो गए हैं।
13 मार्च को ट्रेन 1472 भोपाल-इंदौर के बीच स्पेशल ट्रेन के रूप में चलेगी। भोपाल से यह सुबह 9.30 बजे चलकर 9.41 बजे बैरागढ़, 11.18 बजे बेरछा, 11.55 बजे मक्सी जंक्शन और 12.40 बजे देवास होते हुए दोपहर 1.50 बजे इंदौर पहुंचेगी।
1471 इंदौर-जबलपुर एक्सप्रेस शनिवार से रोजाना शाम 5.20 बजे इंदौर से रवाना होकर 5.58 बजे देवास, 6.40 बजे मक्सी, 6.58 बजे बेरछा, 9.45 बजे बैरागढ़ और 10.40 बजे भोपाल पहुंचेगी। भोपाल से ट्रेन रात 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5.40 पर जबलपुर पहुंचेगी। इसी तरह 1472 जबलपुर-इंदौर एक्सप्रेस 13 मार्च से रोजाना जबलपुर से रात 10.30 बजे रवाना होकर सुबह 5.55 पर भोपाल पहुंचेगी।
वहां से सुबह 6.05 बजे रवाना होकर 6.18 बजे बैरागढ़, 7.55 बजे बेरछा होते हुए सुबह 8.32 बजे मक्सी, 9.15 बजे देवास आएगी और वहां से 9.25 बजे चलकर सुबह 10.30 बजे इंदौर आएगी। भोपाल-जबलपुर के बीच ट्रेन का टाइम टेबल पहले जैसा ही रहेगा। इस रूट पर ट्रेन मदन महल, नरसिंहपुर, गाडरवाड़ा, पिपरिया, इटारसी, होशंगाबाद, औबेदुल्लागंज और हबीबगंज पर ठहरेगी। ट्रेन में एक-एक फस्र्ट एसी, सेकंड एसी, थर्ड एसी व छह शयनयान और छह सामान्य कोच समेत कुल 15 कोच रहेंगे।
एक सुविधा में होगी कमी
ओवरनाइट एक्सप्रेस के विस्तार से मक्सी-इंदौर पैसेंजर ट्रेन 13 मार्च से मक्सी से लक्ष्मीबाईनगर तक ही चलेगी।
ढोल-ढमाकों के साथ करेंगे रवाना
देवास-शाजापुर के सांसद सज्जनसिंह वर्मा शनिवार को ट्रेन में भोपाल से बैठकर देवास तक आएंगे। शहर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्रसिंह सलूजा ने बताया शनिवार शाम 5.40 पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन की अगुआई में ढोल-ढमाकों के बीच ट्रेन को रवाना किया जाएगा।
छोटे रूट से एक अतिरिक्त इंटरसिटी
यह ट्रेन इंदौर-भोपाल के बीच अतिरिक्त इंटरसिटी ट्रेन का काम करेगी। अभी इस रूट पर सिर्फ एक इंटरसिटी चल रही है जो सुबह इंदौर से निकलकर रात को वापस लौटती है। अब भोपाल से भी ऐसी ही ट्रेन देवास-मक्सी के छोटे रूट से उपलब्ध होगी। हालांकि इंदौर से भोपाल पहुंचने में ट्रेन 5.20 घंटे का समय ले रही है जो छोटा रूट होने के बावजूद बहुत ज्यादा है।



