लेटलतीफी से शुरुआत
कोटा. बहुप्रतीक्षित गांधीधाम - हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन अपने ट्रायल रन में ही कोटा स्टेशन पर चार घंटे देरी से पहुंची। इसका विधिवत संचालन 20 मार्च से नियमित होगा, इसकी घोषणा बजट में की गई थी। ट्रेन के ट्रायल रन में कई यात्रियों ने इसमें सफर किया।
हावड़ा-गांधीधाम ट्रेन की उद्घाटन सेवा एक दिन पहले शनिवार शाम 4:15 बजे हावड़ा से शुरू हुई, जो आगरा होती हुई रविवार रात पौने दस बजे कोटा स्टेशन पर पहुंची। जबकि इस ट्रेन को शाम पौने छह बजे कोटा पहुंचना था। अब यह ट्रेन 15 मार्च को देरी से गांधीधाम पहुंचेगी। स्टेशन पर करीब 7 मिनट रुकने के बाद ट्रेन आगे की ओर रवाना हो गई। स्टेशन पर ट्रेन का किसी प्रकार का स्वागत नहीं किया गया। हालांकि ट्रेन का इंजन और डिब्बे फूलमालाओं से सजे हुए थे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीरचन्द्र कुमार ने बताया कि यह ट्रेन शुरू से देरी से चल रही थी कि इस कारण यहां देरी से पहुंची। इस ट्रेन में एक द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित, एक तृतीय श्रेणी वातानुकूलित, सात स्लीपर, 6 सामान्य तथा दो एसएलआर सहित 17 डिब्बे होंगे।
ट्रेन में बैठे यात्री
शुभारंभ ट्रेन जब कोटा पहुंची तो स्टेशन पर कई यात्री उसमें सवार हो गए। ट्रेन में पहले से भी कई यात्री सवार थे। यात्रियों ने ट्रेन का भरपूर आनंद उठाया।



