गोहाना में भी रहा चक्का जाम, यात्री रहे परेशान
भास्कर न्यूज & गोहाना
हरियाणा रोडवेज संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा सोमवार को दोपहर १२ से दो बजे तक चक्का जाम किया गया। चक्का जाम के दौरान रोडवेज कर्मचारियों ने प्रधान दिलबाग मलिक व प्रधान अशोक कुंडू की संयुक्त अध्यक्षता में बस अड्डा पर धरना प्रदर्शन भी किया।
धरने को संबोधित करते हुए प्रधान दिलबाग सिंह मलिक ने कहा कि सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के चलते प्रदेश भर में सभी विभागों के कर्मचारियों द्वारा सरकार का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निजीकरण के रास्ते विभाग को खत्म करने की साजिश रचकर जनता व कर्मचारियों के हितों के साथ कुठाराघात किया जा रहा है। इसीलिए आंदोलन के माध्यम से कर्मचारियों द्वारा सरकार की साजिश का पर्दाफाश किया जा रहा है। अशोक कुंडू ने प्रदेश सरकार से विभाग में आठ हजार नई बसें जोड़कर 56 हजार बेरोजगारों को रोजगार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हितों को नजरंदाज कर पूंजीपतियों की तिजोरियां भरने का काम कर रही है।
बालक राम देशवाल ने कहा कि अगर समय रहते अधिकारियों ने कर्मचारियों का उत्पीडऩ बंद नहीं किया तो संघर्ष का ऐलान कर दिया जाएगा। इस मौके पर रामपाल, विरेंद्र, जगबीर दूहन, आजाद सिंह, अशोक कुमार, महेंद्र फ्राड, रामभगत, राजेंद्र शर्मा, राजेंद्र खोखर, देवेंद्र सिंह, रघबीर सिंह व दिलबाग फौगाट आदि ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।
यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी
कर्मचारियों द्वारा दोपहर के समय दो घंटे के लिए चक्का जाम किए जाने की वजह से यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान जो भी बस डिपो में पहुंची, उसे वहीं पर खड़ा कर दिया गया। बसें न चलने की वजह से यात्रियों को काफी समय तक बस अड्डे पर ही इंतजार करना पड़ा।



