निजी हाथों में नहीं जाने देंगे वाहन व्यवस्था
भास्कर न्यूज & करनाल
हरियाणा राज्य सरकारी एवं अद्र्ध सरकारी चालक संघ ने सरकारी एवं अद्र्ध सरकारी महकमों में वाहन व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने का विरोध किया है। चालक संघ के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा एलान किया कि किसी भी कीमत पर वाहन व्यवस्था को प्राइवेट हाथों में नहीं जाने दिया जाएगा, चाहे इसकी कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।
जिला सचिवालय में उपायुक्त को मांगपत्र सौंपने से पूर्व प्रदर्शनकारियों को प्रधान राजेश राठी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने वाहन व्यवस्था को निजी हाथों में देने का फैसला नहीं बदला तो 23 मार्च को हरियाणा राज्य सरकारी व अद्र्ध सरकारी चालक संघ चक्का जाम कर देगा। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ओमप्रकाश सिंहमार ने चालक संघ की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से उनकी समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया। चालक संघ के जिला कोषाध्यक्ष जगदीश सैनी ने कहा कि अब कर्मचारी आरपार की लड़ाई लडऩे के मूड में हैं। चार अप्रैल को होने वाली संघ की राज्यस्तरीय रैली में चालक संघ बढ़-चढ़कर भाग लेगा। प्रदर्शन में ईशम चंद, सेवाराम, सतपाल सैनी, कृष्ण कुमार निर्माण, कश्मीरसिंह, धर्मसिंह, ओमप्रकाश माटा, राजपाल, ऋषिपाल, रमेश कुमार, सुलतानसिंह, सुनीता, निर्मला, करतार रानी, मिथिलेश, जगतारसिंह, सुरेश, शिवप्रसाद, अव्वलसिंह, माताफेर, हरदयाल सैनी, कृष्ण अत्री, बहादुर भोला आदि उपस्थित थे।



