महिलाएं योजनाओं का लाभ उठाएं
भास्कर न्यूज & करनाल
महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर स्वरोजगार के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए योजनाएं चलाई हैं। अब स्कूलों में बच्चों के लिए दोपहर का भोजन तैयार करने का काम एक अपै्रल से स्वयं सहायता समूहों को दिया जाएगा। यह बात उपायुक्त जेएस अहलावत ने सोमवार को पंचायत भवन में स्वयं सहायता समूहों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं, लेकिन पहले भी महिलाओं ने कठोर परिश्रम करते हुए पुरुषों से कंधें से कंधा मिलाकर परिवार व समाज की जिम्मेदारी को निभाया है।
उन्होंने 39 महिला स्वयं सहायता समूहों को 55 लाख रुपए की राशि के चेक प्रदान किए। एडीसी संजीव वर्मा ने कहा कि हरियाणा में महिलाओं ने ज्यादातर कृषि कार्य स्वयं करते हुए राज्य की अर्थ व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महिलाओं को दोपहर का भोजन पकाने के लिए अलग से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम अधिकारी समेकित बाल विकास कार्यक्रम रजनी पसरीचा ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से अनुरोध किया कि वे अपनी बेटियों को शिक्षा दिलवाएं। इसके लिए यदि पैसे की जरूरत है तो महिला विकास निगम के माध्यम से ऋण ले लें। सरकार ऋण की 5 प्रतिशत ब्याज राशि स्वयं वहन करेगी।
डीआरडीए में सहायक कार्यक्रम अधिकारी सीआर दलाल ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में डीईओ कमलेश शर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरिता भंडारी, पशुपालन विभाग के उप निदेशक डा. गुरमीत सिंह, अग्रणी बैंक अधिकारी रामभगत आदि उपस्थित थे।



