सोनिया ने तैयार की अगले चुनावों की व्यूहरचना
Matrix News | Aug 22, 2012, 03:40AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुजरात व हिमाचल प्रदेश में पार्टी की चुनावी व्यूहरचना को आगे बढ़ाने के लिए मंगलवार को कमान संभाली। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के बुजुर्ग नेता वीरभद्र सिंह के राकांपा के संपर्क में रहने की भनक लगने पर उनके साथ दिन में दो बार बैठक की। वहीं गुजरात व हिमाचल की चुनावी रणनीति से जुड़े नेताओं के साथ बैठक करके उन्होंने टिकट वितरण की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि चुनाव कभी भी हों पार्टी को टिकट स्क्रीनिंग का काम जल्द पूरा कर लेना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने दोनों सूबे में पार्टी की तैयारियों और राजनीतिक स्थिति पर नेताओं से फीडबैक लिया। साथ में नसीहत दी कि जिताऊ व जनाधार वाले नेताओं को बिना किसी गुटबाजी के टिकट वितरण में महत्व मिलना चाहिए।
10 जनपथ पर बैठकों का दौर
कांग्रेस अध्यक्ष ने मंगलवार को गुजरात व हिमाचल प्रदेश की चुनावी रणनीतिक टीम के नेताओं के साथ 10 जनपथ पर बैठक की। दोनों सूबे की तैयारियों पर उन्होंने अलग-अलग बात की। उधर, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के राकांपा के संपर्क में रहने की भनक लगते ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनसे मुलाकात कर उनका पूरा ख्याल रखने का भरोसा दिया है। वीरभद्र चाहते हैं कि पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करे।
मंत्रियों सांसदों से ली जाएगी राय
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश के प्रभारी महासचिवों व स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों से कहा कि वे सूबे में सक्रिय सभी गुटों के नेताओं की बात सुनें। सोनिया के निर्देश के बाद दोनों प्रदेशों के लिए जल्द ही स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकें होंगी। इसी कड़ी में अगले कुछ दिनों में कांग्रेस के चुनावी वाररूम 15 रकाबगंज रोड पर दोनों सूबे से जुड़े सांसदों व मंत्रियों की बैठक भी होगी।
गुटबाजी को लेकर चिंता
सोनिया गांधी को खास चिंता हिमाचल प्रदेश में गुटबाजी को लेकर है। तमाम पार्टी स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर कांग्रेस आलाकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पार्टी में महत्व देने के संकेत भी पूरी तरह से दिए हैं। सोनिया गांधी ने उनसे अलग से मुलाकात करके उन्हें पार्टी के हित में काम करने को कहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि जीतने वाले नेताओं को टिकट मिलेगा। गुजरात पर हुई चर्चा में कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल, प्रभारी मोहन प्रकाश, स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष सीपी जोशी, स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य आरपीएन सिंह शामिल हुए। जबकि हिमाचल पर हुई चर्चा में प्रभारी बीरेन्द्र सिंह व स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य जीतेन्द्र सिंह समेत अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।
टीम राहुल को मिलेगी तरजीह
टिकट वितरण में युवाओं को भी तरजीह देने के संकेत पार्टी ने दिए हैं। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी भी दोनों सूबों में खास रुचि ले रहे हैं। उनके कहने पर ही स्क्रीनिंग कमेटी में युवा नेताओं को प्रतिनिधित्व मिला है। जातीय संतुलन के आधार पर प्रतिनिधित्व का भी टिकट वितरण में पूरा ध्यान दिया जाएगा।
वीरभद्र के राकांपा के संपर्क में रहने से चिंता
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वीरभद्र सिंह को नाराज करने का नुकसान पार्टी नहीं झेल सकती। वीरभद्र सिंह राकांपा के संपर्क में हैं इस खबर ने कांग्रेस के रणनीतिकारों को चौकन्ना किया है। उधर, राकांपा सूत्रों ने माना है कि वीरभद्र सिंह पार्टी के संपर्क में हैं। नुकसान को भांपते हुए कांग्रेस ने उन्हें भरोसा दिया है कि टिकट वितरण में उन्हें पूरी तव'जो दी जाएगी। पार्टी को नुकसान न हो इसके लिए वीरभद्र विरोधी नेताओं को कहा गया है कि वे एक दूसरे पर व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से परहेज करें।






