क्रिसमस पर्व के तुरंत बाद आने वाला अवकाश दिवस
Source: Bhaskar news | Last Updated 00:07(26/12/11)
बॉक्सिंग डे अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड समेत यूरोप व अफ्रीका के अनेक ईसाई बहुल देशों में मनाया जाता है। यह वास्तव में क्रिसमस के तुरंत बाद आने वाला अवकाश दिवस होता है, जो २६ दिसंबर या हफ्ते का पहला दिन हो सकता है।
माना जाता है कि इसे मनाने की परंपरा मध्यकालीन इंग्लैंड से शुरू हुई। इसके नामकरण के पीछे लोगों के अलग-अलग मत हैं। कुछ इतिहासकारों की राय में इसका चलन इसलिए शुरू हुआ क्योंकि अतीत में नौकरों को क्रिसमस के दिन काम करना पड़ता था, जो अगले दिन छुट्टी लेते थे। इस अवसर पर उनके मालिक उन्हें गिफ्ट बॉक्स देकर विदा करते।
एक अन्य थ्योरी के मुताबिक गिरजाघरों के बाहर दान के लिए कुछ बक्से रखे जाते थे, जिनमें लोग सालभर गरीबों की मदद के लिए सिक्के या उपहार वगैरह डालते रहते थे। इन बक्सों को क्रिसमस के अगले दिन खोलकर इसमें जमा सामग्री को गरीबों में वितरित कर दिया जाता।
पहले बॉक्सिंग डे पर लोग शिकार खेलने जाया करते थे, लेकिन हाल के वर्षो में यह दिवस अनेक खेल आयोजनों का पर्याय बन गया है। बॉक्सिंग डे पर खासकर आयरिश व यूरोपीय फुटबॉल लीग की अनेक नामचीन टीमें मैच खेलती हैं।