अठारहवीं सदी में बना अमेरिका का पहला राजनीतिक काटरून
भास्कर पीडिया..ज्वाइन, ऑर डाईअमेरिका में 9 मई 1754 को फिलाडेल्फिया से प्रकाशित ‘पेनसिल्वेनिया गजट’ नामक अखबार में आठ हिस्सों में बंटे एक सांप का कार्टून प्रकाशित हुआ था, जिसके नीचे कैप्शन लिखा था- ‘ज्वाइन, ऑर डाई’। यह कार्टून बेंजामिन फ्रैंकलिन ने बनाया था और इसके साथ उन्होंने अखबार में अमेरिकी उपनिवेशों की ‘विखंडित स्थिति’ के बारे में एक संपादकीय भी लिखा था। इस कार्टून में सांप के आठ टुकड़े अमेरिकी उपनिवेशों का प्रतिनिधित्व करते थे और हरेक टुकड़े पर किसी उपनिवेश या इलाके के नाम का संक्षिप्ताक्षर दर्ज था।
सर्प का यह विभाजन दर्शाता था कि ये उपनिवेश विभिन्न टकरावों के चलते एक-दूसरे से अलग हो गए हैं और कैप्शन में इस बात की ओर इशारा किया गया कि इन्हें फिर से मिल जाना चाहिए अन्यथा फ्रेंच व इंडियन आक्रांता इन्हें खत्म कर देंगे। इस कार्टून के बारे में माना जाता है कि यह अमेरिका में बना अपनी तरह का पहला राजनीतिक कार्टून था, जिसमें विभिन्न उपनिवेशों के साथ जुड़ने की बात कही गई थी।
इस कार्टून में सर्प का इस्तेमाल एक मिथक के चलते किया गया, जो कहता था कि यदि किसी सर्प के विभिन्न टुकड़ों को सूर्यास्त के पहले जोड़ दिया जाए तो वह पुन: जीवित हो सकता है। यह कार्टून अमेरिकी क्रांतिकारी जंग के दौरान औपनिवेशिक स्वतंत्रता का प्रतीक बनकर उभरा।






