विज्ञापन
 
Home >> Abhivyakti >> Editorial >> Lance Armstrong Sympathize

एक दुखद कथा का पटाक्षेप

Bhaskar News | Oct 24, 2012, 01:45AM IST
 
 


लांस  आर्मस्ट्रांग से उन लोगों को भी आज शायद हमदर्दी नहीं होगी, जो उन्हें एक आदर्श पुरुष मानते थे। बहरहाल, मुमकिन है कि इस खबर से उन्हें फिर मायूसी हुई हो कि आरोपों से आर्मस्ट्रांग के बच निकलने की उम्मीद अंतिम रूप से टूट गई है।


इंटरनेशनल साइकिलिंग यूनियन (यूसीआई) ने अमेरिका की एंटी-ड्रग एजेंसी (यूएसएडीए) के इस निष्कर्ष को चुनौती न देने का फैसला किया है कि आर्मस्ट्रांग अपना प्रदर्शन बेहतर करने के लिए प्रतिबंधित दवाएं लेते थे। खेल की दुनिया को यह जानकर गहरा सदमा लगा था कि आर्मस्ट्रांग उन दवाओं का इस्तेमाल करने के साथ-साथ अपने साथी खिलाडिय़ों को भी इसके लिए प्रेरित करते थे। अब यूसीआई ने आर्मस्ट्रांग से तमाम खिताब छीन लेने का फैसला किया है।


इनमें साइकिलिंग की सबसे मशहूर विश्व प्रतियोगिता- 'टूर डि फ्रांस' के जीते गए सात खिताब भी शामिल हैं। इस घटनाक्रम ने दुनिया से उसका एक बड़ा आइकॉन छीन लिया है। निस्संदेह खेल के मैदान पर अर्जित इन उपलब्धियों की आर्मस्ट्रांग को यह दर्जा दिलाने में बड़ी भूमिका थी, लेकिन उनकी कथा सिर्फ वहीं तक सीमित नहीं है, बल्कि कैंसर से उनके संघर्ष और फिर कैंसर पीडि़तों की सेवा के उनके कार्यों ने उन्हें वो रुतबा दिया, जिससे उन देशों में भी वे बहुचर्चित हो गए, जहां साइकिलिंग कोई लोकप्रिय खेल नहीं है।


'टूर डि फ्रांस' में उनकी जीत का सिलसिला तो 1999 में शुरू हुआ, मगर 1996 में जब उनके अंडकोष के कैंसर का असर दूसरे अंगों तक भी फैल गया और डॉक्टरों ने उनके बचने की सिर्फ पचास फीसदी संभावना बताई, तब उन्होंने गजब की जिजीविषा दिखाई। सर्जरी और कीमोथेरेपी के पीड़ादायक अनुभव से गुजरने के बाद उन्होंने साइकिलिंग जैसे कड़ी मेहनत वाले खेल में अनूठे कीर्तिमान स्थापित किए।


दुनिया उनकी प्रतिभा के साथ-साथ अदम्य इच्छाशक्ति से भी चमत्कृत हुई। उसके बाद अपनी शोहरत का उपयोग उन्होंने कैंसर पीडि़तों की सेवा के लिए धन जुटाने में किया। ऐसे शख्स की छवि मलिन हो जाने से लोग हतप्रभ हैं। बहरहाल, इस क्रम में यूसीआई भी सवालों के घेरे में है। उसकी अपनी डोप जांच व्यवस्था आखिर कितनी विश्वसनीय है, ये सवाल लोग जरूर पूछेंगे। अगर वो कारगर होती, तो दुनिया के साथ इतना बड़ा धोखा नहीं होता।

 
 
 

आपके विचार
 
 
कोड:
1 + 6

 
Ad Link
विज्ञापन
विज्ञापन
 
 
 
 
Sabse Bada Match Fixer Contest
 
 

बड़ी खबरें

रोचक खबरें

विज्ञापन

बॉलीवुड

जीवन मंत्र

क्रिकेट

बिज़नेस

जोक्स

पसंदीदा खबरें

Email Print Comment
Email Print Comment