पटना। गृह मंत्री के बयान के विरोध में आरा, सासाराम, गया, मुजफ्फरपुर, सहरसा सहित पूरे राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पटना में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि सुशील कुमार शिंदे ने इस तरह का घिनौना बयान आतंकियों को खुश करने के लिए दिया है। कांग्रेस पार्टी खुद को बयान से अलग नहीं कर सकती। अगर पार्टी को उनके बयान से अलग रखना है तो शिंदे को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना होगा। मंगल पांडेय ने कहा कि भगवा शब्द इस देश की पहचान और संस्कृति है। इसके विरोध में बोलने वाले को देश की जनता कतई स्वीकार नहीं कर सकती। शिंदे को अपना बयान वापस लेना चाहिए, नहीं तो प्रधानमंत्री को उन्हें हटा देना चाहिए। गुरुवार को वे पटना के कारगिल चौक पर आयोजित एक दिवसीय धरना को संबोधित कर रहे थे।
विधायक अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि जबतक गृह मंत्री अपना बयान वापस नहीं लेते या प्रधानमंत्री उन्हें पद से नहीं हटा देते, भाजपा का देशव्यापी आंदोलन चलता रहेगा। देश की करोड़ांे जनता शिंदे के इस बयान से मर्माहत है। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की सरकार हर मुद्दे पर विफल रही है। ऐसे में उनके नेताओं का अनर्गल बयान मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान दूसरी ओर खींचने के लिए होता है। धरना-प्रदर्शन में पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।