पटना। विदेशी महिलाओं के गिरोह ने पटना के फ्रेजर रोड स्थित तनिष्क शो रूम से 8 लाख रुपए के जेवरात उड़ा कर सनसनी फैला दी है। महिलाओं ने शो रूम में लगे 55 कैमरों और 40 स्टाफ को धोखा देकर चोरी को अंजाम दिया। दिन में 11 बजकर 8 मिनट पर शो रूम में प्रवेश करने वाली पांच महिलाओं ने महज 6 मिनट में चोरी को अंजाम दिया और फरार हो गईं। घटना के दस मिनट बाद जब सेल्स गर्ल ने देखा कि शो केस में रखा एक डब्बा गायब है। इसके बाद चोरी होने की जानकारी मिली। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो सच्चाई सामने आ गई। मामला पिछले 8 फरवरी का है।
तनिष्क शो रूम मैनेजर उमेश टेकरीवाल ने बताया कि एक डब्बे में 8 कंगन थे। महिला चोरों ने पूरे डब्बे को गायब कर दिया है। एक कंगन की कीमत एक लाख के करीब थी। लगभग 8 लाख रुपए की चोरी हुई है।
किसी को नहीं हुआ शक
विदेशी महिलाओं ने जींस, टी-शर्ट और कैप लगा रखी थी। सभी फर्राटेदार अंग्रेजी के साथ-साथ अपनी स्थानीय भाषा में भी बात कर रही थीं। चोरी की नीयत से पहुंची महिलाओं में से एक ने पहले एक सेल्स मैन को बेसमैंट में बने शो रूम में ले चलने को कहा। दूसरी महिला ने एक सेल्स मैन का पानी के लिए भेजा। तीसरी ने एक को दूसरे जेवरात दिखाने में वयस्त कर दिया। इस बीच चौथी महिला ने शो केस में हाथ डाला, कंगन का एक डब्बा निकालकर अपने कपड़ों के अंदर छुपा लिया। ऐसा करने में पांचवी महिला उसका सहयोग कर रही थी ताकि उसे कोई देख न ले। इसके बाद तुरंत ही सभी कुछ बहाना बनाकर शो रूम से निकल गईं।
सकते में है पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने तनिष्क शो रूम पहुंच छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी विधि-व्यवस्था विवेकानंद ने बताया कि घटना को पांच विदेशी महिलाओं ने शातिर तरीके से अंजाम दिया है। पटना और गया एयरपोर्ट पर पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। पटना के सभी होटलों में भी महिलाओं की तलाश की जा रही है। महिलाओं की चोरी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
आगे की स्लाइड्स में देखें पल-पल की तस्वीरें...