पाकिस्तान के राजदूत मिले नीतीश से, कहा 'वेरी स्पेशल'!

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पाकिस्तान यात्रा से भारत-पाक रिश्तों को नया आयाम मिलेगा। बिहार भारत का महत्वपूर्ण राज्य है। हम बिहार से क्लोजर लिंक जोड़ना चाहते हैं। पाकिस्तान का नेतृत्व नीतीश कुमार के स्वागत को तैयार है। यह कहना है भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त सलमान बशीर का। बशीर ने उपउच्चायुक्त बाबर अमीन के साथ गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास एक अणो मार्ग पहुंचकर नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनके सम्मान में भोज भी दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अलावा पाकिस्तान की यात्रा पर जानेवाले बिहार के 11 प्रतिनिधि मौजूद थे।
स्टेट टू स्टेट कॉन्टेक्ट
सलमान बशीर ने कहा कि साल में एक-दो बार दोनों देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडल का आना-जाना होता रहता है। लेकिन अब स्टेट टू स्टेट इंटरएक्शन से रिश्तों को नया आयाम मिलेगा। इससे बिहार और पाकिस्तान के प्रांतों के बीच विकास की सोच को बढ़ावा मिलेगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पाकिस्तान के सिंध और पंजाब प्रांतों के मुख्यमंत्रियों ने आमंत्रित किया है।








