सुशासन बाबू नीतीश पर काटजू ने फिर साधा निशाना

पटना। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मार्कण्डेय काटजू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनकी राजधानी पटना में फिर बखिया उधेड़ी। काटजू ने जेपी की दुहाई देते हुए पूछा-आप कैसे शिष्य हैं। कहां है जेपी का जातिविहीन समाज। कहां गलत रास्ते पर चले गए। क्यों आपका इतना विरोध हो रहा है..। सवालों की झड़ी लगाते हुए काटजू ने कहा- मुख्यमंत्रीजी आप आत्मनिरीक्षण कीजिए। आत्म आलोचना कीजिए। नीतीश कुमार को सावधान करते हुए काटजू ने कहा-घनानंद का क्या हश्र हुआ, सभी जानते हैं। आप घनानंद मत हो जाइए। मुसीबत हो जाएगी।
नीतीश की अधिकार यात्रा के दौरान हुए विरोध पर काटजू ने कहा- इतना विरोध हो रहा है कि अपनी यात्रा बीच में छोड़ दिए। आधी फील्ड में पुलिसवाले रहते हैं तो जनता कहां खड़ी होगी.। काटजू ने नीतीश से पूछा-क्या आप जनता से डरते हैं? क्या जनता से कट गए हैं? प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष शुक्रवार को पटना के होटल चाणक्या में सेंटर फॉर सोशल रिस्पांसिबिलिटी एंड लीडरशिप यानि सीएसआरएल की ओर से टेल्स ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन, अभयानंद सुपर 30.. नामक पुस्तक का विमोचन करने के बाद संबोधन कर रहे थे।
सीएसआरएल डीजीपी अभयानंद के एकेडमिक मेंटरशिप में चलनेवाली अभयानंद सुपर 30 श्रंखला की लगभग आधा दर्जन फ्री कोचिंग आवासीय शिक्षण संस्थानों का संचालन करती है। हालांकि अभयानंद कार्यक्रम शुरू होते ही हॉल से निकल गए थे। काटजू के संबोधन के दौरान हॉल में मौजूद कई आईपीएस अधिकारी अपना चेहरा बचाकर निकल लिए। जबकि कांग्रेसी दिगगज एलपी शाही, पूर्व मंत्री विश्वमोहन शर्मा और वीणा शाही के चेहरे खिल उठे।






