जहरीली शराब पीने से तीसरे दिन चार और लोगों की मौत

आरा। जहरीली शराब का कहर भोजपुर में तीसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को जहरीली शराब से चार और लोगों की मौत हो गई। वहीं आरा शहर के विभिन्न अस्पतालों में करीब आधा दर्जन लोगों को भर्ती कराया गया है। दर्जनों लोगों को तीन दिनों में पटना रेफर किया जा चुका है। गौरतलब है कि जहरीली शराब का सेवन करने से अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि भोजपुर एसपी एमआर नायक ने 20 लोगों की जहरीली शराब से मृत्यु होने की बात कही।
एसपी ने बताया कि अवैध शराब बेचने के आरोप में बड़े शराब कारोबारी संजय सिंह, राकेश सिंह, पप्पू चौधरी, मोहन साव एवं मनोज यादव को गिरफ्तार किया गया है। वहीं तीन दिनों में दस हजार लीटर देसी शराब, 305 लीटर महुआ, दस बोतल माल्टा के साथ 22 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
सदर अनुमंडलाधिकारी धर्मेश कुमार सिंह ने बताया कि बीपीएल सूची में अंकित मृतकों को 20-20 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया है तथा उनके परिजनों में राहत सामग्री वितरीत की गई है।
बर्खास्त हो नीतीश सरकार रामविलास
मृतकों के परिजनों से मिलने के बाद लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कहा कि जहर पिलाकर महादलित परिवार को मारने वाली नीतीश सरकार को बर्खास्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार अब बहरी हो चुकी है। बिहार की जनता को जहरीली सरकार से बचाने के लिए पांच जनवरी से वे बिहार बचाव यात्रा की शुरुआत पटना से करेंगे। उन्होंने सरकार से पीड़ित महादलित परिवार को 25-25 लाख रुपए मुआवजा देनी की मांग की है।
बिहार को किया शर्मसार - भट्टाचार्या
माले पोलित व्यू रो सदस्य स्वदेश भट्टाचार्या ने कहा कि जहरीली शराब ने बिहार को शर्मसार कर दिया है।
होगा मुकदमा दर्ज : रामचंद्र पूर्वे
मृतकों के परिजनों से मिलने के बाद राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने कहा कि इस मामले में सरकार पर राजद द्वारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। राजद विधायक भाई दिनेश ने ऐलान किया कि जहरीली सरकार द्वारा मारे गये लोगों के परिजनों को मुआवजा दिलवाने के लिए 12 दिसंबर को आरा में एक दिवसीय विशाल धरना दिया जायेगा। इस मौके पर विधान परिषद में विपक्ष के नेता गुलाम गौस, पूर्व सांसद कांति सिंह सहित दर्जनों राजद नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम, पुलिस ने चटकाई लाठियां
जहरीली शराब से रविवार की सुबह दम तोड़ने वालों में बिंद टोली निवासी महेन्द्र ठाकुर (28), अनाईठ निवासी सीता राम यादव (50), अनाईठ मठिया निवासी नागेश्वर यादव उर्फ मोछू ( 45) एवं एक अज्ञात पुरुष शामिल हैं। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरा-सासाराम मुख्यमार्ग को मृतक मोछू के शव के साथ घंटों जाम रखा। सड़क जाम करे रहे लोगों पर पुलिस ने लाठियां चटकाई। जिससे आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं।






