जमुई। नीतीश कुमार सत्ता के मद में अहंकारी हो गए हैं। जनआंदोलन से घबरा कर वे जनता के अधिकारों पर पाबंदी लगा रहे हैं। काले कपड़े पर पाबंदी, निर्दोष शिक्षकों पर कार्रवाई से नीतीश की बौखलाहट साफ दिख रही है। ये बातें राजद सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने कहीं। वे परिवर्तन यात्रा के दौरान गुरुवार को केकेएम कॉलेज के मैदान में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
नीतीश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह बेइमानों की सरकार है। महिलाएं भी सुरक्षित नहीं है। ऐसी सरकार को बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने ब्रिटिश शासनकाल की याद दिला दी है। जनरल डायर की तरह लोगों को काले कपड़े में सभास्थल तक जाने से रोका जा रहा है। मां-बहनों के काले दुपट्टे उतारे जा रहे हैं।