रात्रि गश्ती में लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई : एसएसपी

भागलपुर। ठंड के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ जाती है। इस दौरान सभी थानेदार को कड़ाई से रात्रि गश्ती करने को कहा गया है। लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। ये बातें एसएसपी केएस अनुपम ने शनिवार को जिले के सभी थानेदार से मासिक गोष्ठी के दौरान कही। इस मौके पर एएसपी मीनू कुमारी डीएसपी, मुख्यालय, लॉ एंड ऑडर सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
गोष्ठी के बाद एसएसपी ने बताया कि चोरी, डकैती, लूट आदि की घटनाओं को रोकने के लिए जमानत पर छूटे लोगों को प्रत्येक दिन संबंधित थानों में हाजरी लगाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोलिंग के लिए गाड़ियों का अभाव बना हुआ है। फिर भी बैंक, एटीएम संेटर और महिला स्कूल व कॉलेजों के समीप पुलिस पेट्रोलिंग को नियमित करने का निर्देश दिया गया है। जीपीआरएस से लैस गाड़ियों को भी शहर भर में जल्द तैनात करने की योजना है।
जवान होगें पुरस्कृत
नबंवर माह में सभी पुलिसकर्मियों का कार्य संतोषजनक रहा है। इसलिए जिले में 15 सौ से अधिक जवानों को दो-दो हजार रुपये पुरस्कृत करने का फैसला किया गया है। उन्होंने बताया कि नवंबर माह में जिले भर में कुल 271 कांड प्रतिवेदित हुए हैं। जिनमें 6 हत्या, 9 आर्म्स एक्ट, 10 अपहरण (4 शादी के नियत सहित), 6 बाइक चोरी, 1 डकैती, 1 लूट आदि प्रमुख घटनाएं हैं। दो केस का डिस्पोजल हुआ है।
शराब के अवैद्य कारोबारियों पर उत्पाद विभाग ने कसा शिकंजा
भागलपुर। शराब के अवैद्य कारोबारियों के अड्डे पर उत्पाद विभाग की टीम ने पिछले चार दिनों से छापेमारी अभियान जारी रखे हुए हैं। शनिवार को भी कई अवैद्य भट्ठीयां को नष्ट किया और नाथनगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाये जा रहे अभियान का नेतृत्व पटना से आये उत्पाद अधीक्षक विनोद कुमार झा कर रहे हैं। अबतक करीब बीस क्विंटल महुआ, सैकड़ों पाउच शराब, हजारों लीटर देशी शराब और दर्जनों अवैद्य शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया गया।






