'भोर हुई, आंख खुली, तो पता चला पेड़ से मौत टपक पड़ी'

रांची। कोकर वासियों के लिए सोमवार की सुबह दर्दनाक रही। भोर हुई, आंख खुली, तो पता चला पेड़ से मौत टपक पड़ी है। मौत ने घर के इकलौते कमासुत रामचंद्र शाह को अपने आगोश में ले लिया है। कोकर बिजली कॉलोनी गेट के पास सोमवार की सुबह सवा छह बजे अचानक बहेरे का पेड़ टेंपो पर गिरा, जिससे उसमें बैठे चालक रामचंद्र शाह की मौके पर मौत हो गई। पेड़ गिरने से वहां लगे ट्रांसफार्मर और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क जाम होने से आवागमन बाधित हो गया। रामचंद्र शाह के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। रामचंद्र कोकर चूना भट्ठा के भाभा नगर रोड नंबर एक में रहते थे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रामचंद्र शाह की मौत की खबर मिलते ही चूना भट्ठा, भाभा नगर में मातम पसर गया। रामचंद्र की पत्नी समेत परिवार के सदस्यों का रो-रोकर कह रहे थे कि घर का कमाऊ सदस्य ही चला गया, अब उनकी देखभाल कौन करेगा। आस पड़ोस के लोग परिजनों को ढाढ़स बंधा रहे थे।
टेंपो पर गिरा विशाल पेड़
कोकर चूना भट्ठा के भाभा नगर निवासी रामचंद्र शाह सोमवार की सुबह टेंपो लेकर घर से निकले। वह बिजली ऑफिस के पास सड़क किनारे टेंपो खड़ा कर यात्रियों का इंतजार कर रहे थे, तभी बहेरे का पेड़ जड़ से उखड़ कर टेंपो पर जा गिरा। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। टेंपो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मार्निंग वाक पर निकले लोग, उस मार्ग पर चलने वाले कई टेंपो के चालक व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। टेंपो में रामचंद्र को दबा देख सभी की आंखें खुली की खुली रह गई। तत्काल सदर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने टेंपो में पेड़ से दबे रामचंद्र के शव को बाहर निकाला। इस संबंध में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है।
कोकर बिजली कॉलोनी के पास पेड़ गिरने से बिजली के तार और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे चूना भट्टा, भाभानगर, बैंक कॉलोनी, तिरिल समेत बड़े इलाके में बिजली गुल हो गयीं। पेड़ गिरने की वजह से रोड भी जाम हो गया। बाद में पेड़ की टहनियों को काट कर रोड क्लियर किया गया। देर रात तक क्षतिग्रस्त तार और ट्रांसफार्मर को ठीक करने का काम जारी रहा।






