पटना।छेडख़ानी की घटनाओं पर अब पुलिस की पैनी नजर होगी। राज्य सरकार ने इसके लिए सभी एसपी को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गोपालगंज की एक छात्रा ने छेड़खानी की शिकायत करते हुए स्थानीय थाने द्वारा कार्रवाई नहीं करने का दुखड़ा रोया।
शेख हाई स्कूल की दसवीं की छात्रा ने सीएम को बताया कि सुबह के समय ट्यूशन पढ़ने जाने के क्रम में उसके साथ छेडख़ानी हुई। पिता द्वारा आरोपियों से पूछताछ करने पर मनचलों ने उनकी पिटाई कर डाली। सीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी को विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए। डीजीपी अभयानंद ने बताया कि ऐसे मामलों में थाना के स्तर पर कार्रवाई या प्राथमिकी नहीं किए जाने पर वरीय अधिकारियों को संज्ञान लेने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
यूपी चुनाव पर चुप्पी
यूपी में जदयू के अकेले लड़ने और वहां चुनाव प्रचार में जनता के ठंडे रिस्पांस के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपना काम किया है। बाकी नतीजों से मालूम होगा।
विधायक नहीं लोक सेवक का मामला
बांका जिले के कटोरिया के विधायक सोनेलाल हेम्ब्रम की संपत्ति जब्त करने के लिए निगरानी कोर्ट में राज्य सरकार की ओर से दाखिल याचिका पर प्रतिक्रिया में सीएम ने कहा कि यह सिर्फ लोकसेवक का मामला है।