विश्व पयर्टन नक्शे पर आयेगा सोनपुर मेला
सोनपुर(छपरा)। बिहार सरकार ने कहा है कि सोनपुर मेले को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर लाने के सभी संभव प्रयास किये जायेंगे। इस बार मेला आयोजन में किये जा रहे प्रयोग की खामी की समीक्षा की जायेगी और उसे दूर कर लिया जायेगा ताकि आगे के आयेजनों में कोई कमी पेश न आने पाये। मंगलवार शाम दीप प्रज्वलित कर मेला का शुभारंभ करने के बाद पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू ने यह घोषणा की।
बिहार में पर्यटन को बढावा को प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए पिंटू ने कहा कि इस ऐतिहासिक मेले को इस तरह विकसित किया जायेगा जिससे इसे देखने के लिए ताकि इसमें दुनिया भर से पर्यटक देखने आ सकें। सैलानियों की सुख-सुविधा से लेकर सुरक्षा तक के इंतजाम को दुरुस्त किया जायेगा। इस बार के आयोजन की समीक्षा के लिए फरवरी महीने में बैठक की जायेगी और यदि कोई कमी पायी जाती है तो उसे दूर किया जायेगा।
गौरतलब है कि इस बार मेला आयोजन का जिम्मा पर्यटन विभाग को सौंपा गया है। यह संभवत: पहला मौका है जब विदेशी सैलानियों के लिए मेले में ठहरने की व्यवस्था की गई है। पर्यटन विभाग की ओर से ऐसे सैलानियों के लिए बनाये स्थल की पहले से ही बूकिंग भी हुई। इससे उत्साहित विभाग आगे के आयोजनों में और बेहतर व्यवस्था बनाने की दिशा में विचार कर रहा है।
उद्घाटन के मौके पर आयोजित सभा को विधान पार्षद महाचंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। महाचंद्र ने मेले को और बड़ा रूप देने की मांग की। इनके अलावा श्रम संसाधन मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल आदि ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक विनय कुमार ने की।






