‘टैक्स का समझौता कीजिए और चैन की नींद लीजिए’
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 10:08(09/02/12)
पटना। व्यवसाय करते समय व्यक्ति हर चीज पर पूरी तरह ध्यान नहीं रख सकता। लेकिन एक समय आता है जब उसे अपनी गलतियों के बारे में समझ आता है। ऐसी गलतियों से जुड़ी समस्या को दूर करने के लिए यह फोरम बना है। टैक्स का समझौता कीजिए और चैन की नींद लीजिए। बुधवार को ये बातें बिहार चैम्बर ऑफ कामर्स में व्यवसायियों से बात करते हुए आयकर निष्पादन आयोग के उपाध्यक्ष एसके चट्टोपाध्याय ने कहीं।
उन्होंने कहा कि इस फोरम में अधिकतम 18 महीनों में फैसला आ जाता है। विभाग और व्यक्ति दोनों फैसले को मानते है। उल्लेखनीय है कि फोरम राजधानी पटना में तीन दिवसीय दौर पर है। चट्टोपाध्याय ने बताया कि आयोग ने पिछले वर्ष 1150 करोड़ की संपत्ति का समझौता कराया गया था जिससे राज्य और केंद्र को 350 करोड़ का लाभ हुआ था।
बिहार से मिले हैं 29 आवेदन: आयोग ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यहां के व्यवसायियों द्वारा निष्पादन के लिए दिए गए 29 आवेदन आए हैं। पूरे देश में 1200 केस पेडिंग हैं। इस फोरम में वैसे व्यवसायी आयकर निष्पादन के लिए आवेदन दे सकते हैं जो छापेमारी होने के बाद कम से कम 50 लाख का टैक्स जमा करना चाहते हो। जिनके घर छापेमारी नहीं हुई है वे 10 लाख तक आयकर देने के लिए आवेदन कर सकते हैं।