बिहार के भागलपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा में दो और मुन्ना भाई धराये

भागलपुर। शहर भर में रविवार को संपन्न हुई सिपाही भर्ती परीक्षा में दो और फर्जी छात्र पकड़े गये। अबतक कुल चार फर्जी परिक्षार्थी पकड़े जा चुके हैं। रविवार को नाथनगर थाना क्षेत्र के गुरुकुल उच्च विद्यालय में प्रियांशु पासवान के बदले अ
मित कुमार को परीक्षा देते पकड़ा गया है। अमित पूर्णिया जिले के बनमखी का रहने वाला है, जब कि प्रियांशु महेशी तिलकपुर (सुल्तानगंज) का छात्र है। वहीं, बरारी थाना क्षेत्र के उच्च विद्यालय से किशोर मंडल नामक फर्जी छात्र पकड़ा गया है। इसके प्रवेश पत्र पर दूसरे छात्र का फोटो चिपकाया गया था। किशोर शाहकुंड प्रखंड का खुलनी गांव का रहने वाला है।
शांतिपूर्ण रहा परीक्षा
अनुमंडल पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि दो फर्जी छात्र की गिरफ्तारी को छोड़ आमतौर पर परीक्षा शंतिपूर्ण संपन्न हो गई। उन्होंने बताया कि बिहार-झारखंड से दस हाजार से अधिक छात्रों ने सिपाही भर्ती परीक्षा में भाग लिया। शहर भर में कुल 34 परीक्षा केन्द्र बनाये गये थे। गौरतलब हो कि शनिवार की देर रात एसटीएफ व सुल्तानगंज थाना की पुलिस ने संयुक्त रुप से दो लोगों को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 51 हजार नकद, दर्जनों एडमिट कार्ड, जाली मुहर सहित कई आपत्तिजनक कागजात बरामद किया गया था। पकड़े गये लोगों में गोपाल कुमार और नवल किशोर मंडल शामिल हैं।
जाम की स्थिति बनी रही
सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए रविवार को पूरे शहर में जाम की स्थिति बनी रही। घंटाघर चौंक, क्राइस्टचर्च बालिका उच्च विद्यालय, जिला स्कूल, मोक्षदा बालिका उच्च विद्यालय राधारानी सिन्हा रोड आदि प्रमुख रोड में परीक्षा खत्म होते ही जाम लग गई, जिससे आमलोगों को घंटो जूझना पड़ा। भारी भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था नहीं के बराबर रहने के कारण शहरवासी प्रशासन को कोसते नजर आये।
बाइक और ट्रैक्टर की भिड़ंत में दो की मौत, 1 घायल
लखीसराय। शहर के टाउन थाना क्षेत्र के गढ़ी विशनपुर मोड़ के समीप रविवार को एक बाइक और बालू से लदी ट्रैक्टर की सीधी भिड़ंत में दो बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य सौरभ पांडेय गंभीर रुप से जख्मी हो गया। जिन्हें पास के एक नर्सिग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं, टक्कर के बाद टैक्टर का चालक घटनास्थल से फरार हो गया। मृतकों में सिद्धी वर्धन और बबलू सिंह शामिल है। वह रामपुर गांव का रहने वाला था। घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच 80 को घंटों जाम कर दिया। बाद में थानाध्यक्ष राजीव चौधरी और बीडीओ संजीव कुमार के प्रयास से जाम को हटा लिया गया।
हथियार के साथ झारखंड के चार कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
कटिहार। जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर दियारा इलाके स्थित नवनिर्मित प्राथमिक विद्यालय में अपराध की योजना बना रहे झारखंड के चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
यह कामयाबी मनिहारी, अहदाबाद की पुलिस के साथ एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी में पुलिस को मिली है। इनके पास से दो नाल की 2 बंदूक, 2 मास्केट, 1 देशी पिस्तौल, 13 जिंदा कारतूस, दो खोखा और 1 मोबाइल बरामद किया गया है। इस बावत एसपी किम ने बताया कि पकड़े गये अपराधियों में गणेश महतो, रंजीत महतो, विनोद सिंह और जयनाथ महतो शामिल है। सभी साहेबगंज (झारखंड) जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लाल बतानी दियारा स्थित कारगिल नया टोला का रहने वाले हैं। एसपी ने बताया कि छानबीन में पता चला है कि पकड़े गये अपराधियों पर कई मामले साहेबगंज और उसके आसपास के जिलों के थानों में दर्ज है। फिलहाल, इसकी स्थानीय अपराधियों की संलिप्तता की पहचान की जा रही है।







