निर्वस्त्र कर की पिटाई,डायन बताया,फिर टांगी से काट डाला
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 09:30(08/09/11)
औरंगाबाद । जिले के सलैया थाना क्षेत्र के रामराज बिगहा गांव में मंगलवार की रात मानवता को शर्मसार करनेवाली घटना हुई। मदनपुर प्रखंड के इस गांव में एक वृद्ध महिला को डायन बता सरेआम निर्वस्त्र कर पीटा गया, फिर टांगी से काटकर हत्या कर दी गई।
इस वारदात को अंजाम देने वाले लोग एक ही परिवार के हैं। गांव के ही संजय भुइयां और उसके परिजनों ने 65 वर्षीया विधवा कैलाश कुंवर की हत्या कर शव को बोरी में बंद कर पहाड़ी के पीछे फेंक दिया था। इस घटना की सूचना पुलिस को बुधवार की सुबह मिली। पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर लिया है। एसपी सिद्धार्थ मोहन जैन ने बताया कि अंधविश्वास के कारण ग्रामीणों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। मृतका के पुत्र प्रियरंजन भुइयां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो महिला समेत एक ही परिवार के आठ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने संजय भुइयां, दुलारी देवी, कलावती देवी तथा बिगू भुइयां को गिरफ्तार कर लिया है।
ओझा की बात में आकर की हत्या
वृद्धा कैलाश कुंवर की हत्या ओझा की बातों में आकर की गई। ग्रामीणों से बातचीत और शुरुआती जांच के बाद एसपी सिद्धार्थ मोहन जैन ने बताया कि मुख्य अभियुक्त संजय भुइयां के घर में पिछले एक वर्ष में चार लोगों की मौत किसी बीमारी के कारण हो गई थी। उसके परिवार वालों को डायन व भूत लगने का संदेह था। परिजन किसी ओझा के पास गए। ओझा ने कैलाश कुंवर को डायन बता उसे ही मौतों का जिम्मेवार बताया। इसके बाद भावावेश और अंधविश्वास का शिकार हो संजय भुइयां और उसके परिजनों ने मिलकर शर्मनाक घटना को अंजाम दिया।