लास वेगास। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (सीईएस) 2013 का महामेला अमेरिका के लास वेगास में मंगलवार से शुरु हो रहा है। यहां निकट भविष्य में लॉन्च होने वाले उत्पादों की जानकारी के साथ ही गैजेट्स का भी प्रदर्शन किया जाता है। सैकड़ों उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों और टेक्नोलॉजी के शौकीनों के लिए यह शो बेहद खास है।
आठ जनवरी से शुरू होने वाला यह शो 11 जनवरी तक चलेगा। जानिए कौन से गैजेट्स इस साल आपको और ज्यादा टेक्नोफ्रेंडली बनाने आ रहे हैं। आने वाला साल घरेलू वस्तुओं के स्मार्ट होने का है। स्मार्ट यानी इंटरनेट से जुड़ा होना। आपके घर का एसी, माइक्रोवेव, टीवी, लाइट्स और सिक्योरिटी सिस्टम धीरे-धीरे स्मार्ट होंगे। यानी कहीं से भी इन्हें नियंत्रित किया जा सकेगा। फोर्ड, टोयोटा, ह्यूंडई जैसी कार कंपनियां कार को स्मार्ट बनाने वाली टेक्नोलॉजी पेश करेंगी। ह्यूंडई ने अपनी कार में जीपीएस डाल दिया है जो गूगल मैप्स का उपयोग करता है। सेल्फ ड्राइविंग और एसिसटेड ड्राइविंग कार देखने को मिल सकती हैं। गाडिय़ों भी इंटरनेट से जुड़ेंगी, जिससे नेविगेशन बेहतर होगा।