नए साल में नए चेहरे जोड़ रहीं हैं कंपनियां

एफएमसीजी कंपनियां अपने ब्रांड के साथ हमेशा नए चेहरों को जोड़ती रही हैं। पिछले कुछ वर्षो में इस सेक्टर की कंपनियों ने बॉलीवुड और क्रिकेट के नए सितारों और बाद में लंदन ओलंपिक के पदक विजेता खिलाड़ियों को जोड़ने पर ज्यादा जोर दिया है। नए साल में यानी 2013 में एफएमसीजी कंपनियां अपने जानेमाने ब्रांड्स के लिए नए चेहरों को जोड़ने जा रही हैं।
नए वर्ष के लिए पेप्सिको ने अपने कुरकुरे के नए विज्ञापन के साथ पांच नए चेहरों को जोड़ा है। पेप्सिको ने अपने इस ब्रांड के लिए ‘इशकजादे’ से सुर्खियों में आई अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा, बोमन ईरानी, कुणाल कपूर, फरीदा जलाल और दक्षिण भारतीय फिल्मों के स्टार शिवाश को जोड़ा है। पेप्सिको इंडिया के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (फूड) नलिन सूद ने बताया कि हमारा कुरकुरे काफी लोकप्रिय ब्रांड है, जिसके लिए हमने बिल्कुल नया विज्ञापन शुरू किया है। जिसमें भारतीय परिवार को फोकस किया गया है।
हम पहली बार कुरकुरे में पांच सितारों को एक साथ ला रहे हैं। हमने हाल में कुरकुरे के लिए परिणिती चोपड़ा, बोमन ईरानी और कुणाल कपूर को एक साथ साइन किया है। भविष्य में हमअपने कुरकुरे ब्रांड को बड़ी रेंज के लिए और नए स्टार को जोड़ने की योजना है। उन्होंने बताया कि हम मौजूदा समय में कुरकुरे की काफी बड़ी रेंज ग्राहकों के लिए पेश कर चुके हैं। बात दें कि इससे पहले कुरकुरे के लिए जूही चावला विज्ञापन करती रही हैं।
डाबर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार डाबर शुरू से अपने ब्रांड के साथ नए चेहरों को जोड़ता रहा है। जिसमें बॉलीवुड कलाकरों से लेकर क्रिकेट स्टार शामिल रहे हैं और रहेंगे। इस वर्ष कई नए स्टार डाबर के ब्रांड से जुड़ेंगे, जिसमें ओडोनिल के लिए दक्षिण की स्टार सामान्ता को जोड़ा गया है।








