डायनों के साथ रोमांस करेंगे इमरान!
dainikbhaskar.com | Jan 19, 2013, 09:10AM IST

कई सक्सेसफुल फिल्में कर चुके इमरान हाशमी सीरियल किसर की इमेज से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। अभी भी इमरान की इमेज एक ऐसे रोमांटिक हीरो की बनी हुई है जो नायिका को खुश करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।
ऐसा लगता है कि फिल्म ‘एक थी डायन’ में भी उन्हें सीरियल किसर की इमेज से छुटकारा नहीं मिलने वाला है। ‘एक थी डायन’ में इमरान एक जादूगर की भूमिका निभा रहे हैं।
अगर वे इस फिल्म में डायनों के साथ रोमांस करते नजर आएं तो दर्शकों को हैरानी नहीं होनी चाहिए। फिल्म में डायनों के साथ रोमांटिक दृश्यों के बारे में जब इमरान से पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, अब बस डायन के साथ रोमांस करना ही बाकी रह गया है।
दैनिक भास्कर को इमरान ने बताया, ‘चूंकि यह एक सुपर नेचुरल थ्रिलर फिल्म है, इसलिए इसमें रोमांस का स्कोप काफी कम है।’ फिल्म में डायन का किरदार निभा रहीं कोंकणा सेन, हुमा कुरैशी और कल्कि कोचलीन में से कौन सी डायन सबसे ज्यादा क्रूर और डरावनी है, इस सवाल के जवाब में इमरान ने कहा, ‘तीनों ही अभिनेत्रियां टेलेंटेड हैं, इसलिए यह बता पाना मुश्किल है।’






