लारा फिर चलीं बॉलीवुड की ओर, कराएंगी 'हाउसफुल'!
dainikbhaskar.com
| May 18, 2012, 11:02AM IST

लारा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत एक तमिल फिल्म 'अरस्ताची' से की थी। फिल्म में लारा के साथ तमिल अभिनेता अर्जून और रघुवरन लीड रोल में थे। मगर ये फिल्म फाइनेंशियल कारणों से 2002 में रिलीज ना हो सकी। बाद में ये फिल्म 2004 में रिलीज हुई।
इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खूब पैसे बटोरे और सुपर हिट साबित हुई, मगर इससे पहले लारा की एक हिन्दी फिल्म 'अंदाज' भी सिल्वर स्क्रीन पर अपने झंडे गाड़ चुकी थी। अंदाज मई 2003 में ही रिलीज हो गई थी जिसमें लारा के साथ अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका में थे।
लारा और प्रियंका को इस फिल्म के लिए नवोदित अभिनेत्रियों की श्रेणी में फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला। हालांकि लारा ने अपना फिल्मी सफर तेलगू फिल्म 'अरस्ताची' से शुरू किया था मगर उनकी पहली फिल्म रिलीज हुई 'अंदाज'।
लारा ने अपने फिल्मी करियर के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी पर भी फोकस बनाए रखा। इसी के चलते उन्होंने फेमस टेनिस प्लेयर महेश भूपति से फरवरी 2011 में शादी कर ली थी। महेश से उनके अफेयर के बारे में काफी दिनों से चर्चा चल रही थी।
लारा के साथ महेश भूपति की दूसरी शादी है इससे पहले भूपति की शादी मॉडल श्वेता जयशंकर से हुई थी। इस साल की शुरुआत में लारा ने एक खूबसूरत से बेटी को जन्म दिया था। और अब वो बॉलीवुड में फिर से वापसी की तैयारी कर रही हैं।
लारा ने कहा है कि कुछ ही दिनों में वे एक फिल्म साइन करने वाली हैं। अभी फिलहाल वे अपने प्रोडक्शन पर काम शुरू नहीं करेंगी। लारा ने 'पेरेंटल योगा विद लारा दत्ता' के नाम से एक डीवीडी भी लांच की है। लारा ने बताया कि जब वो आठ महीने की गर्भवती थीं तब उन्होंने इस डीवीडी को शूट किया था।
लारा का कहना है कि बॉलीवुड में ट्रेंड बदल गया है कई अभिनेत्रियों ने मां बनने के बाद भी कमबैक किया है। जल्द ही फिल्मों में वापसी करने वाली लारा कहती हैं, "श्रीदेवी, मां बनने के 15 सालों बाद फिल्मों में वापसी कर रही हैं। माधुरी दीक्षित भी फिल्मों में वापसी कर चुकी हैं। करिश्मा कपूर ने भी हाल ही में वापसी की है। तो मां बनने के बाद मैं तो घर नहीं बैठने वाली हूं।"





