रोमन कैथोलिक ईसाइयों को नए पोप मिल गए। अर्जेटीना के जॉर्ज मारियो बर्गोग्लियो को पोप चुना गया है।
पहली बार यूरोप के बाहर के किसी देश से पोप का चुनाव किया गया है। जॉर्ज ने बतौर पोप अपना नाम पोप फ्रांसिस रखा है। बुधवार रात ११.३८ बजे (भारतीय समय के मुताबिक) वेटिकन सिटी के सिस्टीन चैपल की चिमनी से सफेद धुआं निकला।
इसके बाद रात करीब १२.४५ बजे नए पोप के नाम की घोषणा कर दी गई। आठ मिनट बाद पोप फ्रांसिस ने बालकनी में आकर पहला दर्शन दिया और लोगों को संबोधित कर प्रार्थना कराई। पोप फ्रांसिस 266वें पोप हैं।
वेटिकन सहित पूरी दुनिया के गिरजाघरों में घंटियां बजा कर नए पोप के चयन का स्वागत किया गया। दुनियाभर में करीब सवा अरब कैथोलिक ईसाई हैं। बारिश के बावजूद सेंट पीटर्स चौक पर खड़े हजारों लोगों ने पोप चुने जाने पर एक-दूसरे को बधाई दी।
पोप चयन की प्रक्रिया मंगलवार को शुरू की गई थी। बुधवार देर रात तक तीन बार चिमनी से काला धुआं निकला। इसका मतलब था 115 कार्डिनल किसी एक नाम पर सहमत नहीं हो पा रहे थे। पोप के निर्वाचन के लिए कम से कम 77 वोटों की जरूरत होती है। पिछले पोप बेनेडिक्ट 16वें ने 28 फरवरी को इस्तीफा दे दिया था। वे 600 साल में पद छोड़ने वाले पहले पोप थे।
तस्वीरों में देखिए रोमन कैथोलिक ईसाइयों के नए पोप को