ये पढ़ते हुए जरूर लग सकता है कि कोई सफेद दाढ़ी और साइंटिफिक दिमाग वाला उम्रदराज शख्स अपनी बड़ी डिस्कवरी के बारे में बता रहा है। पर ऐसा है नहीं। दरअसल ये शिवम हैं। सिर्फ 11 साल के हैं, चंडीगढ़ में रहते हैं और यहीं एक बोर्डिग स्कूल के स्टूडेंट हैं।
शिवम ने हाल ही में ये रोबॉटिक कैमरा यान ‘मून रोवर’ बनाया है। इसे मोबाइल से संचालित कर सकते हैं। शिवम बताते हैं कि ऊपर लगने वाले छोटे कैमरे के अलावा इसमें हैंडीकैम जोड़कर, रिकॉर्डिग भी की जा सकती है। जिसे टीवी पर लाइव देखा जा सकता है। आइए जानते हैं कम उम्र में इतनी साइंटिफिक शिद्दत के बाकी पहलू।
गूगल साइंस फेयर में हिस्सा लेना है
इसरो के ‘चंद्रयान’ विमान का वीडियो देखने के बाद शिवम ने ऐसा ही कुछ करने का फैसला लिया। तो मून रोवर बना। अब सपने कई हैं। वह कहते हैं, ‘बड़ा होकर रोबॉटिक्स में एयरोस्पेस इंजीनियर बनना चाहता हूं। फिर अपनी मां के लिए एक रोबॉट बनाऊंगा। उसके बाद उन्हें कोई काम खुद नहीं करना पड़ेगा।’ कम उम्र में रोबॉटिक्स के बारे में इतना सब कुछ कैसे पता?
इसके जवाब में वह कहते हैं, ‘मेरी मॉम को जब भी टाइम मिलता है, मुझे इलेक्ट्रॉनिक्स साइंस की बुक्स लाकर देती हैं। रोबॉटिक्स भी पढ़ता हूं। फिर नेट सर्फिग करता हूं। इससे पता चल जाता है कि क्या-क्या चीजें चाहिए। फिर अपनी बहन के साथ मार्केट जाता हूं। चिप्स और एक्सेसरीज ढूंढता हूं।’ घर में हाउसवाइफ मां, पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही बहन और इंजीनियर रह चुके पिता हैं। शिवम के दादा भी इंजीनियर थे। कराटे और स्केटिंग करने वाले शिवम कहते हैं कि गूगल साइंस फेयर में हिस्सा लेना चाहता हूं, पर अभी उम्र कम है।
मून रोवर पर शिवम..
इसमें क्या यूज होता है
कोई भी दो मोबाइल, लीथियम और डच्यूरासेल बैटरी, एयरटेल की सिम, ए.वी. रेडियो रिसीवर, माइक्रोचिप्स, एलईडी, 12 वोल्ट बैटरी, नॉर्मल मोटर गियर, रेडियो वेव कैमरा, हैडफोन पिन और लॉजिकल कंट्रोल।
कैसे काम करता है
एक एयरटेल मोबाइल से दूसरे नंबर पर कॉल किया जाता है। कॉल उठाने पर मून रोवर ऑपरेट होना शुरू होता है। मोबाइल के एक से लेकर नौ तक के बटन से इसे मूव कर सकते हैं। मून रोवर जो भी तस्वीरें या वीडियो कैप्चर करता है वह एक एवी रेडियो रिसीवर के जरिए टीवी पर देखा जा सकता है। यहां तक कि मून रोवर की एक्टिविटीज भी।