ब्लड प्रेशर चेक करवाने से पहले इन बातों पर करें गौर
Source: Bhaskar News | Last Updated 02:54(09/02/12)
चंडीगढ़. हॉस्पिटल या क्लीनिक में अपने ब्लड प्रेशर की जांच करवाने से पहले रिसेप्शन में आधा घंटा आराम करें। कई लोगों में ‘व्हाइट कोट सिंड्रॉम’ या चिंता व तनाव उस समय हो जाता है जब वे डॉक्टर से मिलने जाते हैं।
इससे रक्तचाप में काफी बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में ब्लड प्रेशर की जांच करवाने से पहले लगभग आधा घंटा इंतजार व आराम करना चाहिए। किसी को एक या दो रीडिंग के आधार पर दवा शुरू नहीं करनी चाहिए। यह टिप्स होटल होमटेल में आयोजित विशेष सेशन में पीजीआई के कार्डियोलाजी विभाग के हैड डॉ. यशपाल शर्मा ने रोटरी चंडीगढ़ शिवालिक के सदस्यों को दिए। इस सेशन में रोटेरियन अशोक लाहौरिया के नेतृत्व में रोटरी चंडीगढ़ शिवालिक के सदस्यों ने भाग लिया।
नियमित व्यायाम और संतुलित आहार लें: डॉ. शर्मा ने कहा कि बीमारी के व्यक्तिगत पैटर्न को समझना बेहतर होता है। दिल की बीमारियों से बचने के लिए डॉ. शर्मा ने कहा कि नियमित व्यायाम जिसमें एक सप्ताह में कम से कम 5 दिन 30-45 मिनट चलना, संतुलित आहार, वजन कंट्रोल, धूम्रपान से परहेज और लाइफ स्टाइल में बदलाव ह्रदय को स्वस्थ रखने में सहायता करते हैं। व्यायाम शुरू करने से पहले अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर लेना चाहिए।
हार्ट अटैक आने पर यह करें
डॉ. शर्मा ने बताया कि हार्ट अटैक वाले व्यक्ति को क्लीनिक या अस्पताल ले जाने का प्रयास करना चाहिए। उस समय रोगी को एस्प्रिन (डिस्प्रिन) तुरंत दें, जिसे रोगी चबा या निगल ले। एक सोरबीट्रेट/एंजेसिड गोली रोगी की जीभ के नीचे रख देनी चाहिए। ये दो साधारण कदम डॉक्टर तक पहुंचने तक काफी सहायक सिद्ध हो सकते हैं। रोटेरियन डॉ. जीएस कोछर ने डॉ. यशपाल शर्मा को लोगों से मिलवाया, जबकि रोटेरियन पृथ्वी जीत सिंह वोहरा ने सभी का धन्यवाद किया।