विदेश का झूठा ख्वाब दिखाने वाले भाईलोग अब सावधान!
Source: Bhaskar News | Last Updated 02:31(09/02/12)
चंडीगढ़. पंजाब एनआरआई कमीशन ने बुधवार को प्रवासी भारतीय कामगारों की शिकायत पर भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और प्रवासी भारतीय मंत्रालय को नोटिस जारी किया है और 21 मार्च तक हल्फिया बयान दायर करने को कहा है। भारतीय कर्मियों ने नाइजीरिया आधारित डेल्टा स्टील कंपनी पर 11 महीनों से वेतन न देने की शिकायत की थी।
एनआरआई कमीशन के चेयरपर्सन जस्टिस अरविंद कुमार, सदस्य वीके भावरा और जगतार सिंह के फुल बैंच ने प्रीति राजवंशी की शिकायत पर नोटिस जारी किए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके पिता नवीन कुमार राजवंशी और 117 अन्य व्यक्तियों को ग्लोबल स्टील होल्डिंग लि. द्वारा भारत में भर्ती किया था और 2005 में काम करने के लिए नाइजीरिया के वेरी में डेल्टा स्टील कंपनी के पास भेजा।
शिकायतकर्ता ने कहा कि ऐसे कर्मियों के लिए किसी मेडिकल सुविधा की भी व्यवस्था नहीं है और न ही वेतन व अन्य बकाए होने के कारण उनका भारत लौटना संभव हो पा रहा है।
‘ बंधुआ मजदूर बना दिए हैं’
प्रीति राजवंशी ने आरोप लगाया कि भारतीय कर्मियों को बंधुआ मजदूरों की तरह काम करना पड़ रहा है। कंपनी के चेयरमैन और स्टील किंग लक्ष्मी मित्तल के भाई पीके मित्तल भी भारतीय कर्मियों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। भारत में अपनी तीन कंपनियों गौटरमन पीपर्ज, बेलारूस एलोजिज और पीएसएसपीएल की ओर ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं।
शिकायत में कहा गया कि मामले संबंधी भारत सरकार और प्रवासी मामलों के मंत्रालय को कई बार लिखा गया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायतकर्ता की याचिका और उनके साथ लगाए गए दस्तावेजों की जांच के बाद कमीशन ने इसे मानवीय अधिकारों का हनन बताया है। कमीशन ने भोले-भाले लोगों को नौकरी के वादे करके विदेश में भेजकर धोखा देने के मामले को गंभीर बताया।