बोस्टन में कैंसर से जूझ रहे युवराज के साथ पूरे देश की दुआएं हैं। चंडीगढ़ में उनके साथ खेले या किसी न किसी रूप में उनसे जुड़े लोगों की जुबान पर एक ही बात है- बस जल्दी से ठीक हो जाए अपना युवी। सेक्टर-16 स्टेडियम हो या फिर पीसीए मोहाली, हर जगह सभी एक ही बात कह रहे हैं- वह फाइटर है, कैंसर को भी हराएगा।
युवराज के साथ सबसे ज्यादा जुड़ाव पंजाब रणजी टीम में साथ खेलने वाले खिलाड़ियों का रहा है। ड्रेसिंग रूम शेयर करना और युवी से सीखना इनके लिए किसी अनुभव से कम नहीं रहा। आज ये सभी युवी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
हम एक साथ रणजी और इंडिया की तरफ से भी खेले। मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं कि युवी जैसे हिम्मती खिलाड़ी बहुत कम होते हैं। खिलाड़ियों की लाइफ में काफी चोटें आती हैं, लेकिन ऐसी प्रॉब्लम का सामना करना मुश्किल होता है। युवी में वो ताकत और जज्बा है। बस फिर से उसे मैदान पर देखना चाहता हूं।
दिनेश मोंगिया, (पूर्व क्रिकेटर)
जब युवी पा जी की बीमारी का पता चला तो मैं हैरान हो गया। मैसेज के जरिए मेरी उनसे बात होती रहती है। मेरी विश है कि पा जी जल्द से ठीक होकर वापस आएं। इंडिया को उन जैसे बड़े प्लेयर की हमेशा जरूरत है।
उदय कौल, (कप्तान पंजाब रणजी टीम)
इंडियन क्रिकेट में अगर किसी को फाइटर कहा जाता है तो वह युवी ही है। बेशक युवी के लिए यह टाइम काफी मुश्किलों भरा है, लेकिन वह बाहर निकल कर आएगा। युवी की कप्तानी में ही किंग्स इलेवन आईपीएल के सेमीफाइनल में पहुंची थी। मेरी दिल से दुआ है कि युवी पूरी तरह ठीक हो कर आ जाए।
कर्नल अरविंदर सिंह, (सीओओ किंग्स इलेवन पंजाब)
पा जी तो दूसरों को मोटिवेट करते रहते हैं। वो मेंटली काफी टफ हैं। मुझे याद है जब मुंबई में करीब 4 साल पहले हमारा टी ट्वेंटी टूर्नामेंट था तो एक मैच में मैने अच्छा परफॉर्म किया था। तब पा जी ने कहा था कि ऐसे ही खेलते हैं जब टीम को जिताना होता है। कुछ महीनों बाद हम पा जी को फिर से मैदान में देखेंगे।
बिपुल शर्मा, (पंजाब रणजी क्रिकेटर)
युवी के लिए मैं इतना कह सकता हूं कि वह आपको वापस लौट कर दिखाएगा। जिस तरह का वह खिलाड़ी है मुझे पक्का यकीन है कि इस बीमारी को हरा देगा। क्योंकि युवी के अंदर एक अलग ही तरह का जज्बा है। मुझे याद है जब अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के एक मैच में 100 रन बनाने के बाद भी युवी का चेहरा उतरा हुआ था। मैने कहा कि यार 100 बनाने के बाद भी खुशी नहीं, तो युवी ने जवाब दिया था कि 100 तो कोई भी बना लेगा, मै तो इससे ज्यादा बनाना चाहता था। युवी ने यह कर भी दिखाया जब बिहार के खिलाफ 350 रन ठोक डाले थे।
अमित उनियाल, (पंजाब रणजी क्रिकेटर)
पूरे देश की दुआएं युवराज के साथ हैं। हमें पूरा भरोसा है कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर मैदान पर वापसी करेंगे। युवराज को शुभकामनाएं दीजिए...