आर्किटेक्चर कॉलेज से हेरिटेज कुर्सियां चोरी
Source: मुकेश खेड़ा | Last Updated 02:06(07/02/12)
चंडीगढ़. चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर सेक्टर 12 से काबरूजिए के समय की बनी करीब एक करोड़ रुपये की चार कुर्सियां चोरी हो गई हैं। पुलिस को इस संबंध में लिखित शिकायत दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मौका मुआयना करने के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक सोमवार सुबह जब आर्किटेक्चर कॉलेज का स्टोरकीपर कॉलेज पहुंचा तो उसने देखा कि स्टोर का दरवाजा खुला पड़ा था और स्टोर से सामान गायब था। चेक करने पर पता चला कि स्टोर से नौ फर्नीचर गायब हैं। स्टोरकीपर ने तुरंत कॉलेज प्रशासन को इसकी सूचना दी।
शाम 5 बजे के करीब पीजीआई पुलिस चौकी में इसकी लिखित शिकायत दी गई। बताया जाता है कि नौ में से चार कुर्सियां ली काबरूजिए के समय की हैं। एक कुर्सी की कीमत 25 लाख रुपये के आसपास बताई जाती है।
हां शाम पांच बजे पीजीआई पुलिस चौकी में इस बाबत लिखित शिकायत आई है कि हेरिटेज सामान चोरी हुआ है। इसमें कुर्सियां भी शामिल हैं। फिलहाल डीडीआर दर्ज कर ली गई है। पांच बजे के बाद छुट्टी हो गई थी, जिसकी वजह से मौका मुआयना नहीं किया जा सका। मंगलवार को मौका मुआयना किया जाएगा और उसके बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। गुरमुख सिंह, एसएचओ थाना- 11