ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के 1000 फ्लैट बनाएगा हाउसिंग बोर्ड
Source: मनोज अपरेजा | Last Updated 02:08(07/02/12)
चंडीगढ़. शहर के लोगों के लिए चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड सस्ती आवासीय योजना लेकर आ रहा है। बोर्ड तीन माह के भीतर ही इस आवासीय योजना को लॉन्च कर देगा। यह आवासीय योजना शहर के दक्षिणी सेक्टरों में लॉन्च की जाएगी।
इस ईडब्ल्यूएस स्कीम के अंतर्गत सेक्टर 26 में 1000 फ्लैट तैयार किए जाएंगे। इन फ्लैटों की कीमत बोर्ड द्वारा वर्ष 2010 तथा 2011 में लांच की गई ईडब्ल्यूएस आवासीय योजना के फ्लैटों से 10 प्रतिशत अधिक होगी। इसके अलावा जनरल स्कीम के तहत सेक्टर 53 और 54 में फ्लैट निकालने की योजना है।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार पिछले सप्ताह निदेशक मंडल की बैठक आम आदमी को आशियाना मुहैया करवाने के लिए सस्ती आवासीय योजना लॉन्च करने पर बल दिया गया। इसके बाद बोर्ड ने तय किया कि उसके पास सदर्न सेक्टरों में 72 एकड़ जमीन है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए हाउसिंग स्कीम लॉन्च की जाएगी।
आवेदक चंडीगढ़ के ही
इस स्कीम के तहत सिर्फ वही लोग आवेदन कर सकेंगे जो पिछले तीन साल से चंडीगढ़ में रह रहे हैं और उनके पास चंडीगढ़ का पहचान पत्र है। गौरतलब है कि इस समय शहर में ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी, एचआईजी कैटेगरी में कुल 49713 फ्लैट हैं। 1977-78 से लेकर वर्ष 2010-11 तक हाउसिंग बोर्ड की ओर से ईडब्ल्यूएस कोटे के कुल 17963 फ्लैट्स बनाए गए हैं।
नक्शे में भी होगा बदलाव
बदलते समय और कम जगह में व्यवस्थित मकान बनाने के उद्देश्य से हाउसिंग बोर्ड की कोशिश है कि नए ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स को इस तरह से डिजाइन किया जाए कि उसमें लोग कम जगह में अपना अच्छा आशियाना बसा सकें। इसके लिए नए नक्शे बनाए जाएंगे। इससे बोर्ड के फ्लैट्स में होने वाली वॉयलेशन भी कम होगी।
बोर्ड बैठक में फैसला लिया गया था कि ईडब्ल्यूएस और जनरल कोटे के लिए स्कीम लॉन्च की जाए। ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत स्कीम पर निदेशक मंडल ने ज्यादा जोर दिया। इसी लिए सेक्टर 26 में ईडब्ल्यूएस और सेक्टर 53 और 54 में जनरल कोटे के तहत अप्रैल में फ्लैट लॉन्च किए जाएंगे।
एमएम सभरवाल, सेक्रेटरी, सीएचबी