राष्ट्रपति के स्वागत में चंडीगढ़ प्रशासन तैनात
Source: Bhaskar News | Last Updated 09:06(08/02/12)
गर्मजोशी से स्वागत: राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल मंगलवार शाम विशेष विमान से चंडीगढ़ पहुंची। चंडीगढ़ पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने वालों में पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ प्रशासक शिवराज पाटिल, हरियाणा के राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, चंडीगढ़ की मेयर राजबाला मलिक, होम सेक्रेटरी अनिल कुमार, फाइनेंस सेक्रेटरी वीके सिंह समेत कई आला अधिकारी उपस्थित थे।
सुरक्षा में 9 डीएसपी थे तैनात: एयरपोर्ट से हरियाणा राजभवन तक राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। उनकी सुरक्षा में सैकड़ों सुरक्षा जवानों के अतिरिक्त 9 डीएसपी अधिकारी तैनात किए गए थे।
पाटिल मंगलवार को हरियाणा राजभवन की मेहमान होंगी। हरियाणा राजभवन में मंगलवार रात्रि भोज व रात्रि विश्राम के बाद वह बुधवार सुबह 9.30 बजे कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हो जाएंगी। हरियाणा राजभवन के चारों ओर कड़ी सुरक्षा के बंदोबस्त किए गए हैं।
पूजा-अर्चना के बाद दीक्षांत समारोह में शिरकत: बुधवार सुबह राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र में ब्रrा सरोवर में पूजा अर्चना करेंगी। इसके बाद श्री कृष्ण संग्रहालय में एक ऑडियो वीडियो का विमोचन करेंगी। इसके बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। मॉरीशस के प्रधानमंत्री भी समारोह में शिरकत करेंगे।
राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मॉरिशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्रा रामगुलाम और हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मानद उपाधि प्रदान करेंगी।
ट्रिब्यून चौक पर एक घंटे लगा जाम: राष्ट्रपति के काफिले के गुजरते समय ट्रिब्यून चौक पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। शाम पांच बजे गवर्नमेंट ऑफिसों में छुट्टी का समय होता है, इसलिए भी सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। राष्ट्रपति के काफिले के चलते ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट पर भी लोगों को काफी देर जाम में गुजारनी पड़ी।
राष्ट्रपति से मिलने आए व्यक्ति को रोका
चंडीगढ़. हल्लोमाजरा के ओम प्रकाश मंगलवार को पंजाब राजभवन के पास पहुंचे। वह राष्ट्रपति से मिलकर उन्हें शहर के लोगों की बढ़ती समस्याओं और उनके समाधान के बारे में बात करना चाहते थे। लेकिन इससे पहले ही राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने ओमप्रकाश को पकड़ लिया और उन्हें वेरीफिकेशन के लिए थाना 3 ले आए। इसके बाद थाने से ही उन्हें वापस भेज दिया गया।