अब हरियाणा में भी उतरेंगे कार्गो प्लेन
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 03:57(10/02/12)
चंडीगढ़. हरियाणा में आने वाले वर्षो में कार्गो प्लेन उतरेंगे। यहां के एकमात्र ग्रीनफील्ड कार्गो एयरपोर्ट का रास्ता साफ हो गया है। 2010 के सर्वे के बाद यहां करीब 2770 एकड़ भूमि में एयरपोर्ट बनाया जाएगा। राज्य के हिसार, रोहतक एवं भिवानी जिलों के गांवों की जमीन इसके लिए लेने का प्रस्ताव है।
अरबों की परियोजना को पीपीपी के तहत मूर्त रूप दिया जा सकता है। यानी इसे बनाने का काम निजी कंपनियां करेंगी। योजना के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया हरियाणा सरकार से जमीन लेगी। भूमि अधिग्रहण करने का जिम्मा हरियाणा सरकार का होगा।
हिसार जिले के पूठी, भिवानी के मुढ़ाल एवं रोहतक जिले के भैणी महाराजपुर एवं भैणी बहरोड़ के किसानों की भूमि ली जा सकती है। एयरपोर्ट बनाने के लिए रक्षा मंत्रालय ने भी स्वीकृति दे दी है।